



- विकास कार्यों को मिली नई गति, सरपंच के अनुरोध पर डोमसेड और सीसी रोड की घोषणा
अहिवारा (रोहितास सिंह भुवाल)।
ग्राम पंचायत अरसनारा में लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान अहिवारा विधायक राजमहंत डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने पंचायत सरपंच के मांग पर 10 लाख रुपये के डोमसेड और 10 लाख रुपये के सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। विधायक ने कहा, “मेरे द्वारा अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के हर पंचायत को लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों के लिए लाखों की राशि स्वीकृत की गई है।”
विधायक कोर्सेवाड़ा ने कहा कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने हर गांव, पंचायत, नगर और वार्डों का दौरा किया था, जहाँ लोगों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि विधायक बनने के बाद क्षेत्र के लोगों की जरूरतों व विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। उसी वचन को निभाते हुए उन्होंने पिछले नौ महीनों में हर पंचायत और वार्डों के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरत और मांग के अनुसार विकास कार्यों को जारी रखा जाएगा।
इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अरसनारा के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिसमें दुर्गा मंच के पास सीसी रोड निर्माण (लागत 3 लाख), शिशु मंदिर में अतिरिक्त कक्ष निर्माण (लागत 5 लाख), शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला प्रांगण में पेवर ब्लॉक व चेकर टाइल्स कार्य, उचित मूल्य की दुकान का निर्माण (लागत 12 लाख), सीसी रोड निर्माण (लागत 5 लाख), देवनाथ निषाद के घर से हेमंत के घर तक सीसी रोड निर्माण (लागत 10 लाख), शीतला तालाब में टीन शेड निर्माण, और वार्ड क्रमांक 10 में नाली निर्माण शामिल हैं।
ग्राम पंचायत अरसनारा के सरपंच तोसेन साहू ने कार्यक्रम में 10 लाख रुपये के डोमसेड और 10 लाख रुपये के सीसी रोड की मांग रखी, जिस पर विधायक ने तुरंत सहमति जताते हुए इन विकास कार्यों की घोषणा की।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से अहिवारा विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, जेवरा सिरसा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र यादव, सासंद प्रतिनिधि प्रेमलाल नायक, जनपद सदस्य माहेश्वरी हंकारा, सरपंच रवेलीडीह सुनीता दुबे, सरपंच बोडेगांव प्रतिभा देवांगन, पंचायत के सभी पंचगण और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








