दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत महापौर अलका बाघमार ने आज पार्षद जितेंद्र ताम्रकर, पार्षद निलेश अग्रवाल, पार्षद शशि साहू और नगर निगम अधिकारियों के साथ लुचकि तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाब की धार्मिक, सामाजिक और पर्यावरणीय महत्ता को ध्यान में रखते हुए नियमित सफाई और जल शुद्धिकरण के निर्देश दिए।
जनभागीदारी से तालाब संरक्षण पर जोर
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि लुचकि तालाब शहर के हृदय स्थल पर स्थित है, इसलिए इसकी साफ-सफाई और संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को तालाब के पानी को स्वच्छ रखने के लिए नियमित दवाई छिड़काव करने के निर्देश दिए। साथ ही, वार्ड पार्षदों और स्थानीय नागरिकों से तालाब की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
अन्य तालाबों की सफाई योजना पर जोर
महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के अन्य निस्तारी तालाबों की सफाई के लिए भी एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि साफ-सुथरा शहर बनाने के लिए हमें कचरा डस्टबिन में ही डालना चाहिए और सड़कों या तालाबों में नहीं फेंकना चाहिए।
नगर निगम के अधिकारी और स्थानीय लोग रहे उपस्थित
इस निरीक्षण के दौरान जितेंद्र ठाकुर, आसिफ अली सैय्यद, रजनीश श्रीवास्तव, हेमंत गोयल, नितेश जैन, उमेश गिरी और अन्य वार्डवासी उपस्थित रहे।









