दुर्ग ग्रामीण विधायक ने किसानों की मांग के अनुसार खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले की सभी सहकारी सोसायटियों में किसानों को उनकी डिमांड के अनुसार खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), मंडी सचिव और समिति प्रबंधकों को दिए हैं।
प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही बारिश का मौसम शुरू हो चुका है और किसान भाई-बहन खेती-किसानी के कार्यों में जुट गए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने संबंधित अधिकारियों को फोन और पत्राचार के माध्यम से विशेष निर्देश जारी किए हैं।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि राज्य में खाद-बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार मानक स्तर का खाद-बीज समय पर और सरलता से मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डी.ए.पी. खाद की मांग को देखते हुए सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
खरीफ सीजन में किसानों द्वारा डी.ए.पी. खाद की मांग अधिक रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए विधायक ने अधिकारियों को सतत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।









