



- लायंस क्लब दुर्ग ने छात्र की प्रतिभा निखारने हेतु विद्यालय को प्रदान की वर्षभर की फीस
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
बाल दिवस के अवसर पर लायंस क्लब दुर्ग ने शिक्षा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक गरीब, परंतु प्रतिभाशाली छात्र की सहायता की। सरस्वती शिशु मंदिर सेक्टर-4 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्लब ने छात्र की वर्षभर की स्कूल फीस के रूप में 20 हजार रुपये का चेक विद्यालय को सौंपा।
इस आयोजन की अध्यक्षता सुमन पांडे ने की। क्लब के प्रमुख सदस्यों व पदाधिकारियों के साथ-साथ पालक गण और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता सहित कई रोचक गतिविधियां हुईं, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथियों का उद्बोधन
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैलाश बरमेचा ने अपने स्वर्गीय पिता प्रकाश चंद बरमेचा की स्मृति को नमन करते हुए कहा, “मैं शिक्षा को सबसे बड़ा मान और सम्मान मानता हूं। शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद छात्रों की मदद करना मेरे लिए धर्म के समान है। जब शिक्षा बेहतर होगी, तभी समाज और देश उन्नति करेंगे।”
विद्यालय के अध्यक्ष शिवराम शुक्ला, समिति सचिव हेमंत नायडू और प्राचार्यगण ने भी इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। लायंस क्लब के कैलाश जैन, रौनक जमाल और अन्य प्रमुख सदस्य कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया हुनर
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में अपनी प्रस्तुतियों से सबका दिल जीत लिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
क्लब अध्यक्ष सुमन पांडे ने इस अवसर पर कहा, “लायंस क्लब दुर्ग सदैव समाज के कमजोर वर्ग के साथ खड़ा है। जरूरतमंद छात्रों की मदद करना हमारा प्रमुख उद्देश्य है।”
समाजसेवा का संदेश
इस आयोजन के माध्यम से लायंस क्लब ने समाज में शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया और यह संदेश दिया कि हर प्रतिभाशाली छात्र को शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए, चाहे वह किसी भी आर्थिक पृष्ठभूमि से हो।





