दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
दुर्ग जिले में अब विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विधायक गजेन्द्र यादव के प्रयासों से जिले में लाइववुड कॉलेज और छत्तीसगढ़ इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीजीआईटी) के भवन का निर्माण अब जल्द ही होगा। शासन ने अपने बजट में इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए राशि का प्रावधान किया है, जिससे जिले के विद्यार्थियों को एक नई दिशा मिलेगी।
विधायक गजेन्द्र यादव की पहल पर शासन ने यह फैसला लिया और अब इस परियोजना के लिए स्वीकृत राशि से दुर्ग जिले में उच्च तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छूने का मार्ग प्रशस्त होगा। यह कदम जिले में पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।
विधायक गजेन्द्र यादव ने बताया कि उन्हें जनता की ओर से लगातार यह जानकारी मिल रही थी कि जिले के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा की तैयारी के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता है, जो उनकी सफलता में रुकावट डालता है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए उन्होंने राज्य सरकार से मांग की थी, जिसे बजट में शामिल कर लिया गया है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी देते हुए बजट में शामिल किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में यह बजट तैयार किया गया है, जिसमें समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।
बजट में मिली स्वीकृति के मुख्य बिंदु:
-
लोक निर्माण विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के लिए 36 आवासीय भवन निर्माण: ₹2.50 करोड़
-
शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के उन्नयन हेतु भवन निर्माण: ₹30 करोड़
-
छत्तीसगढ़ इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीजीआईटी) भवन निर्माण: ₹7 करोड़
-
संभागीय संयुक्त संचालक कृषि विभाग हेतु भवन निर्माण: ₹50 लाख
-
लाइववुड कॉलेज भवन निर्माण: ₹1 करोड़
यह स्वीकृति जिले में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। विधायक गजेन्द्र यादव ने कहा कि यह बजट राज्य की जनता की प्रगति और खुशहाली के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अब जिले के विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें बेहतर अवसर घर के पास ही मिलेंगे।









