कोरबा।
प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने कोहड़िया स्थित निवास पर 10 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। मंत्री ने खुद पहल कर नागरिकों के सामने सौर ऊर्जा को अपनाने की एक बड़ी मिसाल पेश की है।
बिजली बिल में होगी बड़ी बचत
मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि उनके कोहड़िया निवास पर सोलर पैनल लगे करीब एक महीना बीत चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से प्रदान की जाने वाली सब्सिडी ने सोलर संयंत्र स्थापित करना आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और लाभकारी बना दिया है। इससे न केवल आर्थिक बचत हो रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिल रही है।
अब उपभोक्ता नहीं, बनेंगे ऊर्जा उत्पादक
मंत्री ने कोरबा जिले और प्रदेश के नागरिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह योजना लोगों को केवल बिजली उपभोक्ता नहीं, बल्कि ऊर्जा उत्पादक बनने का अवसर प्रदान कर रही है। घरेलू उपयोग के बाद बचने वाली अतिरिक्त बिजली विद्युत वितरण कंपनी के ग्रिड में भेजी जाएगी, जिससे भविष्य में अतिरिक्त आय भी होगी। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।









