-
गली मोहल्लों में जाकर सुनी समस्याएं
भिलाई नगर (रोहितास सिंह भुवाल)।
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने आज स्कूटी से वार्ड भ्रमण करते हुए खमरिया जुनवानी के गली-मोहल्लों में जाकर घर-घर संपर्क कर समस्याओं की जानकारी ली और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। सुबह 7 बजे से साढ़े 10 बजे तक सेन ने एसबीआई बैंक कॉलोनी, सतनामी पारा, शीतला तालाब और खमरिया भाठा क्षेत्र का निरीक्षण किया।

रोड बन गई पर नाली गायब, जताई नाराजगी
एसबीआई कॉलोनी जुनवानी में सड़क और नाली दोनों का निर्माण होना था, लेकिन केवल सीमेंट सड़क बन पाई। पानी निकासी के लिए नाली का काम शुरू न होने पर विधायक ने जोन आयुक्त पर नाराजगी जताई और मौके पर इंजीनियर को तलब कर निर्देश दिए कि तत्काल नाली निर्माण शुरू कराएं। साथ ही नई सीमेंट सड़क की नियमित पानी से तराई के लिए टैंकर भिजवाने के भी आदेश दिए।
सड़क पर एंटिक गाड़ियों का कब्जा, तत्काल खाली करने के निर्देश
बैंक कॉलोनी में एक परिवार द्वारा सड़कों पर एंटिक गाड़ियों को लंबे समय से पार्क करने की शिकायत पर सेन नागरिकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित परिवार से सड़क खाली करने की अपील की। परिवार ने गलती स्वीकारते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न होने का भरोसा दिलाया।
शीतला तालाब किनारे डोम शेड व बोरिंग का ऐलान
महिलाओं की मांग पर सेन ने जुनवानी शीतला तालाब के पास 20 लाख रुपये की लागत से ओपन डोम शेड, तीज नहावन के अवसर पर चेंजिंग रूम निर्माण की घोषणा की। साथ ही तालाब के समीप बोरिंग कार्य का तत्काल शुभारंभ कर पाइपलाइन से आसपास के घरों में नल कनेक्शन देने के निर्देश भी दिए।
सतनामी पारा में गंदा पानी देख लिया संकल्प
सतनामी पारा की गलियों में पसरे गंदे पानी को देख विधायक ने मौके पर ही समस्या का निरीक्षण किया। जानकारी मिली कि क्षेत्र में कहीं भी पक्की नाली नहीं है। सेन ने तत्काल नाली निर्माण का प्रस्ताव बनाने व कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। अस्थायी रूप से कच्ची नाली बनाने के लिए जेसीबी भी मौके पर मंगवाई गई।
सामाजिक आयोजन के लिए डोम शेड
जैत खांभ के समीप खाली मैदान को साफ करवा कर सामाजिक कार्यक्रमों हेतु डोम शेड बनाने के निर्देश सेन ने दिए।
स्कूटी से जनसम्पर्क अभियान
विधायक रिकेश सेन ने 15 अप्रैल से स्कूटी से वार्ड सम्पर्क अभियान की शुरुआत की है। उनका उद्देश्य वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के निगम के सभी 37 वार्डों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना है। सेन ने कहा कि कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण जनप्रतिनिधियों के कार्यालय में आमजन का हर समय मिलना संभव नहीं हो पाता, इसलिए स्कूटी से वार्डों में जाकर सीधे जनता से संपर्क साधा जा रहा है। इस दौरान सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और सामाजिक समस्याओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है, साथ ही जहां नशा और जुआ जैसी शिकायतें मिल रही हैं, वहां संबंधित थाना को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।






