दिल्ली में दशहरे पर 211 फीट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन
OM Darpan
Oct 05, 2024 09:08 pm
319 views
05 Oct 2024
नई दिल्ली।
दिल्ली के द्वारका स्थित सेक्टर 10 के रामलीला मैदान में इस वर्ष दशहरे के अवसर पर दुनिया के सबसे बड़े रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस पुतले की ऊंचाई 211 फीट है, जिसे बनाने में लगभग चार महीने और 30 लाख रुपये की लागत आई है।
द्वारका रामलीला कमेटी के आयोजक राजेश गहलोत ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में बताया, “इस वर्ष द्वारका रामलीला सोसाइटी, सेक्टर 10 में दुनिया का सबसे ऊंचा और भव्य रावण का पुतला जलाया जाएगा। इसे बनाने के लिए अंबाला और एनसीआर के कुछ विशेष कारीगरों ने मेहनत की है। पुतले का ढांचा लोहे से तैयार किया गया, और इसके ऊपर बांस और मखमली कपड़े का उपयोग किया गया है। रावण का चेहरा बेहद सुंदर और मजबूती से बनाया गया है, जिसे चार बड़े क्रेन की सहायता से खड़ा किया गया है।”
उन्होंने आगे बताया, “जब हमने इस समारोह की शुरुआत की थी, तब पुतले की ऊंचाई लगभग 50 फुट थी। समय के साथ यह ऊंचाई बढ़ती गई, और अब 211 फुट के साथ यह दुनिया का सबसे ऊंचा रावण का पुतला बनने जा रहा है। हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के राष्ट्रपति को निमंत्रण भेजा है और हमें उम्मीद है कि वे हमारे निमंत्रण को स्वीकार करेंगे।”
राजेश गहलोत ने कहा, “हम पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री का आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं, जैसे कि 2019 और 2023 में। द्वारका रामलीला का मुख्य उद्देश्य भगवान राम की लीलाओं को सुंदर तरीके से प्रस्तुत करना है। इस बार के लीला के पात्रों का चयन करने में हमें लगभग छह महीने का समय लगा है, और हमने पूरे एनसीआर से चार सौ कलाकारों को चुना है। हम आशा करते हैं कि इस विशेष आयोजन में अधिक से अधिक लोग शामिल हों और राम की कथा का आनंद लें।”
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन