यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया का हीरक जयंती वर्ष शुरू, जादूगोड़ा में समारोह
OM Darpan

परमाणु ऊर्जा आयोग की सदस्य सुश्री सीमा जैन ने टीडीपीपी और प्रस्तावित डार्क मैटर प्रयोगशाला स्थल का किया निरीक्षण
नई दिल्ली। परमाणु ऊर्जा विभाग के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) ने 4 अक्टूबर 2026 को अपना हीरक जयंती वर्ष मनाया। 4 अक्टूबर 1967 को अपनी स्थापना के बाद से यह उपक्रम भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम में यूरेनियम खनन और प्रसंस्करण के छह दशक पूरे कर चुका है।
जादूगोड़ा में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि परमाणु ऊर्जा आयोग की सदस्य-वित्त सुश्री सीमा जैन शामिल हुईं। उन्होंने रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर में टेक्नोलॉजी डेमोंस्ट्रेशन पायलट प्लांट (टीडीपीपी) और भूमिगत खदान के 815 मीटर के स्तर पर साहा इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर फिजिक्स की प्रस्तावित डार्क मैटर प्रयोगशाला के नए स्थल का निरीक्षण किया।
सुश्री सीमा जैन ने कहा कि यह अवसर डॉ. होमी जहांगीर भाभा और उन अग्रणियों को श्रद्धांजलि देने का है, जिन्होंने देश की यूरेनियम खनन क्षमताओं की नींव रखी। कठिन परिस्थितियों में यूसीआईएल कर्मियों ने स्वदेशी क्षमता विकसित की है। परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव एवं परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष डॉ. अजित कुमार मोहंती ने शुभकामना संदेश में निरंतर नवाचार और क्षमता निर्माण के महत्व पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान नरवापहाड़ स्थित सूचना केंद्र में पत्रकार कार्यशाला आयोजित की गई। मीडिया प्रतिनिधियों ने यूरेनियम खनन एवं मिलिंग सुविधाओं का दौरा कर खनन, अयस्क प्रसंस्करण और सुरक्षा प्रणालियों का सीधा अनुभव लिया। इसके साथ ही स्कूली छात्रों के लिए डीएई प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें परमाणु ऊर्जा के औद्योगिक और सामाजिक अनुप्रयोग प्रदर्शित किए गए।
यूसीआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. कचम आनंद राव ने कहा कि छह दशकों में संस्थान ने तकनीक, सुरक्षा और पर्यावरण प्रबंधन में महारत हासिल की है। यह हीरक जयंती वर्ष भूमिगत एवं खुले खनन से लेकर अयस्क प्रसंस्करण, व्यावसायिक सुरक्षा और विकिरण संरक्षण में देश की विशेष क्षमता के विकास का प्रतीक है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन