राष्ट्रीय हरित गौरव पुरस्कार से सम्मानित हुईं नीतू जोशी
OM Darpan
गड़चिरोली में 5 लाख पौधे रोपने और आदिवासी महिलाओं को स्वावलंबी बनाने पर जयपुर में कल्पतरु संस्था ने किया सम्मान
जयपुर। पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सामाजिक उद्यमी नीतू जोशी को राष्ट्रीय हरित गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राजस्थान के जयपुर में आयोजित एक राष्ट्रीय समारोह के दौरान कल्पतरु संस्था ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
विष्णु लाम्बा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जयपुर के कलेक्टर संदेश नायक ने पद्मश्री जगदीश पारेख तथा पद्मश्री सुंदरम वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में नीतू जोशी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
गड़चिरोली में रोपे 5 लाख पौधे
वर्ष 2022 में स्थापित एमआईएएम (MIAM) चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से नीतू जोशी लगातार पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पशु कल्याण और ग्रामीण विकास की दिशा में कार्यरत हैं। ट्रस्ट की ओर से महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले में लगभग पांच लाख पौधों का रोपण किया गया है, जिसे क्षेत्र में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।
आदिवासी महिलाओं को स्वरोजगार का प्रशिक्षण
पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नीतू जोशी ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति सुधारने में जुटी हैं। उनके ट्रस्ट की ओर से गड़चिरोली की आदिवासी महिलाओं को विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर ही स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
मनोरंजन जगत में दो दशक से अधिक का समय बिताने के बाद पूर्ण रूप से समाज सेवा को समर्पित हुईं नीतू जोशी के लिए यह सम्मान एक नई प्रेरणा लेकर आया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि परिवार के संस्कार, सहयोग और समाज का विश्वास ही उनकी सेवा भावना की असली ताकत हैं।
जरूरी खबरें
विज्ञापन