टाइम्स हायर एजुकेशन रैंकिंग में शूलिनी विश्वविद्यालय देश में तीसरे स्थान पर, लगातार तीसरे साल टॉप 500 में बनाई जगह
OM Darpan
हिमालयी क्षेत्र में स्थित शूलिनी विश्वविद्यालय ने वैश्विक अकादमिक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए लगातार तीसरे वर्ष दुनिया के टॉप 500 विश्वविद्यालयों में स्थान हासिल किया है। टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 में शूलिनी विश्वविद्यालय को 451–500 बैंड में रखा गया है। इसके साथ ही देश भर के उच्च शिक्षण संस्थानों में शूलिनी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु और साविता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज के बाद इस सूची में जगह बनाने वाला यह देश का तीसरा संस्थान है।
रैंकिंग के प्रमुख मानकों की बात करें तो शूलिनी विश्वविद्यालय ने रिसर्च क्वालिटी (Research Quality) में वैश्विक स्तर पर 184वीं रैंक हासिल की है। वहीं इंटरनेशनल आउटलुक (International Outlook) के मामले में विश्वविद्यालय भारत में तीसरे पायदान पर रहा है। गौरतलब है कि वर्ष 2027 की THE रैंकिंग में दुनियाभर के कुल 2,297 संस्थानों को शामिल किया गया था, जिनमें भारत के 143 संस्थान शामिल हैं।
संस्थान की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के फाउंडर चांसलर प्रो. पी.के. खोसला ने कहा कि उनका उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्वविद्यालय को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों के समकक्ष खड़ा करना था। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थान का अगला लक्ष्य आगामी तीन वर्षों में दुनिया की टॉप 200 यूनिवर्सिटीज की सूची में शामिल होना है।
वहीं, चांसलर और प्रो चांसलर प्रो. विशाल आनंद ने बताया कि एक बार टॉप 500 में जगह बनाना उपलब्धि हो सकती है, लेकिन लगातार तीन वर्षों तक इस स्थान पर बने रहना ज्यादा चुनौतीपूर्ण है। इसके लिए हर साल निरंतर प्रदर्शन की आवश्यकता होती है। यह परिणाम विश्वविद्यालय से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों और लगातार योगदान को दर्शाता है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन