7 अक्टूबर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

छत्तीसगढ़ के नक्सल विरोधी अभियान की केंद्रीय गृह मंत्री ने की सराहना, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की रणनीति को मिला समर्थन

शेयर करें

OM Darpan

Oct 07, 2024 08:58 pm 208 views
छत्तीसगढ़ के नक्सल विरोधी अभियान की केंद्रीय गृह मंत्री ने की सराहना, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की रणनीति को मिला समर्थन
  नई दिल्ली। देश के नक्सल प्रभावित राज्यों में चल रहे अभियानों पर आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत अन्य नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में हाल ही में छत्तीसगढ़ में सफलतापूर्वक संपन्न हुए नक्सल विरोधी ऑपरेशन पर विशेष चर्चा की गई, जिसमें राज्य की पुलिस ने 31 नक्सलियों को मार गिराया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस ऑपरेशन के लिए विष्णुदेव साय और उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 से अब तक छत्तीसगढ़ पुलिस ने लगभग 194 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। इसके साथ ही 801 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और 742 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। शाह ने युवा नक्सलियों से हथियार छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की और पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। बैठक में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे। बैठक में छत्तीसगढ़ के नक्सल ऑपरेशन की सफलता और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक में ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि राज्य की पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने महीनों की तैयारी के बाद इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन में लगभग 1000 जवान शामिल थे, जिन्होंने गवाड़ी पहाड़ को घेरकर 31 नक्सलियों को मारा, जिनमें 16 नक्सलियों पर 1 करोड़ 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में मारे गए 31 नक्सलियों में 18 पुरुष और 13 महिलाएं शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि गांवों तक बुनियादी सुविधाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। विष्णुदेव साय ने कहा, "हमने माओवादियों के गढ़ को तोड़ा है और उनकी बटालियन के कमांडर हिड़मा के गाँव में भी कैंप स्थापित किया है।" उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आने वाले समय में दक्षिण बस्तर में 29 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ और अन्य नक्सल प्रभावित राज्यों को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अन्य राज्यों से भी छत्तीसगढ़ की रणनीति से सीखने का आग्रह किया।
Tags

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
261007115544411

विज्ञापन

Advertisement