- सर्व आदिवासी समाज का कैंडल मार्च
- आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग।
अंबिकापुर (पंकज शुक्ला)।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राजमिस्त्री संदीप लकड़ा की हत्या का मामला अब एक नए मोड़ पर है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी अभिषेक पांडेय अब तक फरार हैं, और उनकी गिरफ्तारी के लिए सर्व आदिवासी समाज ने पांच लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। आरोपी की गुमशुदगी के बावजूद, सर्व आदिवासी समाज न्याय के लिए संघर्षरत है और उन्होंने शनिवार देर शाम अंबिकापुर में कैंडल मार्च निकाला।
मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है, जहां संदीप लकड़ा पर एक कंस्ट्रक्शन साइट से चोरी का आरोप था। इसके बाद ठेकेदार अभिषेक पांडेय और उसके साथियों ने संदीप को गंभीर रूप से पीटा और उसकी हत्या कर दी। उसके शव को 6 सितंबर को मैनपाट के एक पानी टंकी की नींव में दफना दिया गया।
सर्व आदिवासी समाज की 8 सूत्रीय मांगों में आरोपी की गिरफ्तारी, पीड़िता के परिवार को दो करोड़ का मुआवजा, और उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी शामिल है। इसके समर्थन में समाज 13 दिनों से अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, सरगुजा के आईजी और एसपी ने भी अभिषेक पांडेय पर क्रमशः 30 हजार और 10 हजार रुपये का इनाम रखा है।
अब तक, पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, लेकिन मुख्य आरोपी अभिषेक पांडेय फरार है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें जब तक न्याय नहीं मिलता, वे संदीप के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे, जो अभी भी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में है।











