नई दिल्ली | ओमनर्पण न्यूज़ नेटवर्क
देशभर के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को अब अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक राष्ट्रीय मंच मिल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को बढ़ावा देने के विजन को साकार करते हुए प्रसार भारती ने डीडी न्यूज़ पर ‘क्रिएटर्स कॉर्नर’ (Creators Corner) लॉन्च किया है। इस मंच के जरिए देश के कोने-कोने में छिपी प्रतिभाओं को अब नेशनल टेलीविजन पर जगह मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस पहल को लॉन्च करते हुए प्रसार भारती और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में बड़े बदलावों के संकेत दिए हैं।
2026 होगा बड़े सुधारों का वर्ष: अश्विनी वैष्णव
लॉन्च के अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में हर क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुए हैं। अब यही सुधार प्रसार भारती में भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2026 प्रसार भारती के लिए बड़े सुधारों का वर्ष होगा। साथ ही, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का भी पूर्ण पुनर्गठन किया जाएगा।
वैष्णव ने कहा, “इन सुधारों का उद्देश्य दूरदर्शन और आकाशवाणी को नई पीढ़ी के क्रिएटर्स, इंडस्ट्री की भागीदारी और टेक्नोलॉजी आधारित प्रक्रियाओं से जोड़ना है। क्रिएटर्स कॉर्नर इसी सुधार यात्रा का पहला कदम है।”
वेव्स प्लेटफॉर्म: इकोनॉमी के लिए गेम चेंजर
केंद्रीय मंत्री ने ‘वेव्स’ (WAVES) प्लेटफॉर्म की सफलता का जिक्र करते हुए इसे क्रिएटर इकोनॉमी के लिए ‘गेम चेंजर’ बताया। उन्होंने कहा कि इसका लक्ष्य एक करोड़ युवाओं को सशक्त बनाना है। यह प्लेटफॉर्म इकोसिस्टम में लगभग 5,000 करोड़ रुपये की आर्थिक गतिविधि सृजित कर रहा है और रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है।
ऑरेंज इकोनॉमी का विजन: डॉ. एल. मुरुगन
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के ‘ऑरेंज इकोनॉमी’ (Orange Economy) के विजन को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि कैसे छोटे शहरों के युवा बिना बड़े स्टूडियो के कंटेंट बना रहे हैं और आजीविका कमा रहे हैं। उन्होंने कहा, “दूरदर्शन का यह कॉर्नर इन क्रिएटर्स को अब एक सशक्त ग्लोबल और नेशनल मंच देगा।”
प्राइम टाइम में मिलेगा मौका
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने बताया कि यह केवल कलाकारों को ही नहीं, बल्कि संपूर्ण कंटेंट निर्माताओं को मान्यता देने की पहल है। शुरुआत में यह डीडी न्यूज़ पर आएगा, लेकिन धीरे-धीरे इसका विस्तार सभी दूरदर्शन चैनलों पर किया जाएगा। प्राइम टाइम स्लॉट मिलने से क्रिएटर्स व्यापक दर्शकों तक पहुंच सकेंगे।
-
क्या है ‘क्रिएटर्स कॉर्नर’? (जरूरी जानकारी)
यह पहल प्रसार भारती और इंडिविजुअल कंटेंट क्रिएटर्स के बीच एक साझेदारी है। इसका मकसद डिजिटल इकोनॉमी को बूस्ट करना है।
प्रसारण समय: सोमवार से शुक्रवार, शाम 7:00 बजे (डीडी न्यूज़ पर)।
पुन: प्रसारण: अगले दिन सुबह 9:30 बजे।
कंटेंट: हर एपिसोड में 4 से 6 रील या वीडियो दिखाए जाएंगे।
विषय: समाचार, संस्कृति, यात्रा, फूड, कला-साहित्य, संगीत, हेल्थ, शिक्षा, साइंस-टेक, और प्रेरक कहानियां।
आप भी बन सकते हैं हिस्सा इच्छुक कंटेंट क्रिएटर्स अपना कंटेंट ddnews.creatorscorner[at]gmail[dot]com पर भेज सकते हैं या +91-8130555806 पर संपर्क कर सकते हैं।









