भिलाई (रोहितास सिंह भुवाल)।।
सुपेला वैशाली नगर क्षेत्र के गदा चौक पर स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग करते हुए आम आदमी पार्टी ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने यह दावा किया है कि शराब न केवल स्वास्थ्य, समाज व पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि रिहायशी इलाकों में इसकी बिक्री से स्थानीय निवासियों के जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ज्ञापन सौंपने वालों में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव देवेंद्र सिंह भाटिया, राज्य संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा, लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल, लोकसभा सचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी, वैशाली नगर ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश यादव, अनिल प्रजापति, अरुण कुमार टांडी, और मोहसिन अहमद सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।
पार्टी ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि राज्य को आबकारी विभाग से सबसे अधिक राजस्व मिलता है, इसलिए सरकार महिलाओं, किशोरियों और युवाओं की सुरक्षा को नजरअंदाज कर रही है। इस दुकान की वजह से क्षेत्र में यातायात जाम, असामाजिक गतिविधियां और गंदगी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
समस्याएं:
- यातायात अव्यवस्था: गदा चौक पर शराब की दुकान के पास वाहन पार्किंग की समस्या के कारण जाम की स्थिति बन रही है।
- युवाओं पर प्रभाव: शराब सेवन करने वालों की बढ़ती उपस्थिति से विद्यार्थियों व युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
- महिलाओं की असुरक्षा: पार्टी ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।
- असामाजिक गतिविधियां: शराब सेवन के बाद असामाजिक तत्वों की बढ़ती हरकतों से क्षेत्र का माहौल दूषित हो रहा है।
- पर्यावरणीय व स्वास्थ्य समस्या: दुकान के आसपास गंदगी और अन्य पर्यावरणीय समस्याओं ने क्षेत्र की स्थिति खराब कर दी है।
पार्टी ने जोर देकर कहा है कि गदा चौक पर शराब दुकान का संचालन तत्काल बंद होना चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को उठाने में सक्रिय रही है और शासन-प्रशासन को जगाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
[pdf_embed url=”https://omdarpan.com/wp-content/uploads/2024/12/27-dec-2024-se-02-jan-2025-varsh-20-omdarpna-09-1.pdf”]










