



रायपुर।
छत्तीसगढ़ के जाने-माने यूट्यूबर और डिजिटल क्रिएटर रवि शर्मा ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाकर सनसनी मचा दी है। रवि शर्मा का दावा है कि बीती रात पुलिस द्वारा उनके साथ न सिर्फ दुर्व्यवहार किया गया, बल्कि उन्हें बिना किसी उचित कारण के जबरन थाने लाया गया, धमकाया गया, गाली-गलौज की गई, और मारपीट भी की गई।
पुलिस की ज्यादती का आरोप: “जब मैंने विरोध किया, तो मुझे पकड़कर थाने ले जाया गया”
घटना का पूरा विवरण देते हुए रवि शर्मा ने बताया कि वह मठपुरैना स्थित अपने बड़े पिता जी के पान ठेले पर बैठे थे, तभी रात करीब 11 बजे पेट्रोलिंग पुलिस की एक टीम वहां पहुंची। दुकान बंद करने के मुद्दे पर पुलिसकर्मियों और रवि शर्मा के बीच तीखा विवाद हो गया। जब रवि ने पुलिसकर्मियों के आदेशों का विरोध किया, तो पुलिस ने कथित तौर पर उन्हें जबरन पकड़ा और थाने ले आई।
रवि का कहना है कि थाने लाने के बाद उन्हें सीधे लॉकअप में डाल दिया गया। कुछ समय बाद जब उनके परिवार और दोस्त वहां पहुंचे और उन्होंने स्थिति को रिकॉर्ड करना शुरू किया, तभी उन्हें थाने से रिहा किया गया।
पुलिस के कारनामें की एक और खबर यहां पढ़े:- छत्तीसगढ़ पुलिस का अपराधियों को संरक्षक, निर्दोषों पर कर रही अत्याचार
“पुलिस का यह व्यवहार समाज को गलत संदेश देता है”
रवि शर्मा ने भावुक होते हुए कहा, “पुलिसकर्मियों का यह व्यवहार बहुत दुखद है। मैं हमेशा पुलिस का सम्मान करता हूं, और मेरे ब्लॉग पर पुलिस की सकारात्मक छवि वाले कई वीडियो हैं। लेकिन इस घटना ने मुझे बेहद आहत किया है। यदि पुलिस ऐसी ज्यादतियाँ करती रहेगी, तो हम जैसे आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा?”
उन्होंने आगे कहा कि इस घटना से समाज में गलत संदेश जाएगा। “पुलिसकर्मियों को इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए। मैं चाहता हूं कि जिम्मेदार अधिकारियों को इस घटना की गंभीरता से जांच करनी चाहिए, और संबंधित आरक्षक को माफी मांगनी चाहिए।”
पुलिस अधीक्षक ने दिए जांच के आदेश
घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा, “मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
रवि शर्मा: छत्तीसगढ़ का उभरता डिजिटल क्रिएटर
गौरतलब है कि रवि शर्मा छत्तीसगढ़ के एक प्रसिद्ध यूट्यूबर और डिजिटल क्रिएटर हैं, जो ‘सुपर शर्मा ब्लॉग’ के नाम से फेसबुक पेज चलाते हैं। रवि को 2023 में राज्य सरकार द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। वे फिल्मों में भी काम कर चुके हैं और छत्तीसगढ़ के युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं।






