अमर सिंह को बिना दफ्तर के चक्कर काटे मिला जाति प्रमाण पत्र
OM Darpan
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए शुरू की गई 'सेवा सेतु' पहल जमीनी स्तर पर रंग ला रही है। जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम साल्ही निवासी अमर सिंह इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं, जिन्हें इस योजना के तहत बिना किसी परेशानी के अपना जाति प्रमाण पत्र मिल गया है।
जानकारी के अनुसार, अमर सिंह ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया था। आवेदन मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए दस्तावेजों का त्वरित परीक्षण किया और पात्रता के आधार पर जल्द ही उनका प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इस पूरी प्रक्रिया में उन्हें शासकीय सेवा का लाभ बेहद सहजता से प्राप्त हो गया।
प्रमाण पत्र मिलने के बाद अमर सिंह ने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पहले इस तरह के कार्यों के लिए कई बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे समय और श्रम दोनों बर्बाद होते थे। लेकिन, अब सेवा सेतु के माध्यम से यह प्रक्रिया बेहद सुविधाजनक हो गई है। उन्होंने कहा कि कम समय में सेवाएं मिलना शासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है। जनहित से जुड़ी यह पहल सुशासन को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ ही शासन और नागरिकों के बीच विश्वास को और मजबूत कर रही है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन