रानीझाप एनीकट में जल संरक्षण के लिए स्वच्छता अभियान आयोजित
OM Darpan
सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन विभागों ने मिलकर नागरिकों को स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति किया जागरूक
गौरेला-पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा जिले में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत स्वच्छता, जल और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए रानीझाप एनीकट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) और पंचायत विभाग के संयुक्त सहयोग से हुए इस आयोजन में जल स्रोतों की स्वच्छता और उनके संरक्षण का संदेश दिया गया।
श्रमदान कर एनीकट परिसर की सफाई
कार्यक्रम के दौरान रानीझाप एनीकट परिसर में विशेष स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर जल स्रोत के आसपास साफ-सफाई की। इस दौरान नागरिकों को बताया गया कि जल स्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित रखना केवल सरकारी विभागों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जल के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील
आयोजन में जल के महत्व और भविष्य के लिए इसकी बचत पर विशेष जोर दिया गया। सहभागियों को जल संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी देते हुए इसका विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने आह्वान किया कि लोग जल स्रोतों में कचरा न डालें और उन्हें प्रदूषण से बचाने के लिए अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखें।
अधिकारियों ने कहा कि जल स्रोत आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपदा हैं और इनके संवर्धन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन