राष्ट्रपति मुर्मू 23 अक्टूबर को बस्तर के मुरिया दरबार में होंगी शामिल
OM Darpan
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी दौरे की जानकारी, कहा- यह प्रदेश के लिए गौरव का क्षण
रायपुर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो-दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। अपने प्रवास के दूसरे दिन 23 अक्टूबर को वह जगदलपुर जाएंगी और वहां ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी। शुक्रवार को राजधानी में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार और बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया था, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के बस्तर आगमन को पूरे प्रदेश और आदिवासी समाज के लिए असीम प्रसन्नता और गौरव का विषय बताया है।
नक्सल प्रभावितों को मिलेगा पूरा सम्मान
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा में आयोजित विशेष शिविर का भी प्रमुखता से जिक्र किया। इस कार्यक्रम में नक्सल हिंसा से प्रभावित लोगों और अन्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण बांटे गए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस शिविर को संबोधित किया। साय ने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य प्रयास नक्सल प्रभावितों को हर-संभव मदद देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि वे पूरे सम्मान और आत्म-विश्वास के साथ अपना जीवन-यापन कर सकें।
भारत-जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट मैच में महिलाओं की एंट्री फ्री
प्रदेश में पहली बार होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को लेकर भी मुख्यमंत्री ने खासा उत्साह जाहिर किया। उन्होंने बताया कि भारत-जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में महिला दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है। इस फैसले से प्रदेश की माता-बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलेगी।
जरूरी खबरें
विज्ञापन