नवा रायपुर में प्रोफेशनल गोल्फ टूर्नामेंट शुरू, सीएम साय ने लगाया शॉट
OM Darpan
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) द्वारा आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और खुद गोल्फ स्टिक थामकर शॉट भी लगाया।
इस टूर्नामेंट में देश-विदेश के कुल 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब देश के उभरते स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। प्रोफेशनल गोल्फ का इतना बड़ा आयोजन प्रदेश की खेल संस्कृति के लिए बड़ी उपलब्धि है।
18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल
साय ने कहा कि एक समय था जब गोल्फ सिर्फ फिल्मों में देखते थे, लेकिन आज छत्तीसगढ़ इसकी मेजबानी कर रहा है। राज्य सरकार ने बजट में ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ को शामिल किया है ताकि संसाधनों की कमी खिलाड़ियों के आड़े न आए। बस्तर और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को मंच मिला है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति को देखने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात और सरगुजा की पहाड़ियों का जिक्र करते हुए खिलाड़ियों को पर्यटन स्थलों के भ्रमण का न्योता दिया।
हर साल हो टूर्नामेंट- कपिल देव
पीजीटीआई के अध्यक्ष और 1983 विश्वकप विजेता टीम के कप्तान कपिल देव ने छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग की सराहना की। उन्होंने इच्छा जताई कि इस प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ में हर साल हो। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और आने वाले समय में यह दिल्ली-बेंगलुरु की तरह बड़ा केंद्र बनेगा।
जरूरी खबरें
विज्ञापन