सरगुजा में खेत में मिली लावारिस बच्ची, हालत गंभीर होते ही एक्शन में प्रशासन
OM Darpan
अंबिकापुर (दरिमा)।
सरगुजा जिले के दरिमा क्षेत्र में एक खेत से लावारिस हालत में मिली नवजात बच्ची के मामले को शासन ने संज्ञान में लिया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर बच्ची के स्वास्थ्य और चल रहे इलाज का विवरण मांगा।
राजेश अग्रवाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से दूरभाष पर सीधी बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को नवजात को तत्काल समुचित इलाज मुहैया कराने और सुरक्षित देखरेख सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि इतनी छोटी बच्ची के उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कमी नहीं होनी चाहिए। बच्ची को चौबीसों घंटे डॉक्टरी निगरानी में रखा जाए और आवश्यकतानुसार सभी चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
घटना पर चिंता जताते हुए राजेश अग्रवाल ने कहा कि इतनी छोटी बच्ची का इस तरह खुले खेत में मिलना पीड़ादायक है। इस समय पहली प्राथमिकता उसका जीवन बचाना, स्वास्थ्य सुधारना और सुरक्षा प्रदान करना है। बच्ची को केवल इलाज ही नहीं, बल्कि आगे के भविष्य के लिए सुरक्षित वातावरण और वैधानिक संरक्षण भी मिलना जरूरी है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग समेत संबंधित प्रशासनिक महकमों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। बच्ची के आगे के संरक्षण और पालन-पोषण की प्रक्रिया को संवेदनशीलता के साथ पूरा करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि दरिमा क्षेत्र में खेत के पास लावारिस बच्ची के पड़े होने की सूचना सबसे पहले स्थानीय ग्रामीणों को मिली थी। ग्रामीणों की मदद से ही नवजात को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है। मंत्री ने बच्ची के जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन