22 सितम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

छत्तीसगढ़ की बेटियों का कमाल, जूनियर भारतीय हॉकी टीम में हुआ चयन

शेयर करें

OM Darpan

Aug 07, 2026 01:55 am 1,132 views
छत्तीसगढ़ की बेटियों का कमाल, जूनियर भारतीय हॉकी टीम में हुआ चयन
   
  • चीन के मोकी में 30 अगस्त से शुरू होगा जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट

  • उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल कर खिलाड़ियों को दी बधाई

  बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो होनहार खिलाड़ियों, गीता यादव और मधु सिदार का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। ये दोनों खिलाड़ी चीन के मोकी में 30 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने गीता यादव और मधु सिदार से वीडियो-कॉल पर बात कर उन्हें इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों की जानकारी ली और टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों की सफलता को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया है। भारतीय जूनियर हॉकी टीम में जगह बनाने वाली ये दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा से हॉकी का कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

हॉकी की नर्सरी से टीम इंडिया तक का सफर

जशपुर जिले के कांसाबेल स्थित पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार एक कृषक परिवार से आती हैं। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल और हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में अपनी प्रतिभा साबित की है। आंध्र प्रदेश में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम चौथे स्थान पर रही थी। मधु ने छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी हिस्सा लिया था और वह अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीता का दमदार अनुभव

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने कोच शिवा चौहान से हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त किया है। गीता का अंतरराष्ट्रीय करियर साल 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से शुरू हुआ था। इसके बाद उन्होंने मई-जून 2025 में अर्जेंटीना दौरे और जुलाई 2026 में इंग्लैंड व स्कॉटलैंड दौरे पर भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। अब वह एशिया कप में अपनी स्टिक का जादू दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

मैदान पर जीत के लिए कसी कमर

चीन में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट के लिए दोनों खिलाड़ियों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में तकनीक और शारीरिक दक्षता पर विशेष ध्यान दिया गया है। पूरे प्रदेश को उम्मीद है कि गीता और मधु अपने शानदार खेल से न केवल छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाएंगी, बल्कि भारतीय टीम को एशिया कप में खिताबी जीत दिलाने में भी अहम भूमिका निभाएंगी।

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
260922221857674

विज्ञापन

Advertisement