दुर्ग में राजपूत समाज ने मनाया भादो तीज मिलन समारोह, नेहा राजपूत के सिर सजा 'तीज क्वीन' का ताज
OM Darpan


जवाहर नगर के आशीर्वाद भवन में राजपूतानी पोशाक और पारंपरिक गौरव के साथ महिलाओं ने मनाया उत्सव
✍️ ओम दर्पण ब्यूरो
दुर्ग। राजपूत क्षत्रिय महासभा रहटादह छत्तीसगढ़ (पंजीयन क्रमांक 1282) की उपसमिति दुर्ग उत्तर के महिला मंडल ने जवाहर नगर स्थित आशीर्वाद भवन में भादो तीज मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया। इस कार्यक्रम में समाज की सौ से अधिक महिलाओं ने 16 श्रृंगार कर और पारंपरिक राजपूतानी वेशभूषा में हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान नृत्य, संगीत और रोचक खेलों ने समां बांधे रखा।
नेहा राजपूत ने जीता तीज क्वीन का खिताब
समारोह का मुख्य आकर्षण 'तीज क्वीन' प्रतियोगिता रही, जिसमें नेहा राजपूत को विजेता चुना गया। इस प्रतियोगिता के लिए कड़े मापदंड तय किए गए थे, जिनमें राजपूतानी पोशाक, समाज से संबंधित प्रश्नोत्तरी और कैटवॉक शामिल था। खिताब जीतने के बाद नेहा राजपूत ने चयन समिति और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
संगठन की मजबूती के लिए संख्या बल को बताया जरूरी
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष बजरंग बैस की पत्नी और मर्रा उपसमिति की महिला मंडल सचिव सरिता बजरंग बैस शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग जोन प्रभारी मधुबाला सिंह, पूर्व केंद्रीय महिला मंडल सचिव मिनी राजपूत और दुर्ग उत्तर उपसमिति के अध्यक्ष हरनारायण सिंह राजपूत उपस्थित रहे। हरनारायण सिंह राजपूत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती के लिए संख्या बल का होना अनिवार्य है और हमारी महिला शक्ति हमेशा से सक्रिय रही है।
सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का लिया संकल्प
समारोह के दौरान सरिता बजरंग बैस ने महिलाओं को तीज पर्व की बधाई देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की। महिला मंडल सचिव नीलिमा राजपूत ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य समाज की महिलाओं को एकजुट करना और संस्कृति को आगे बढ़ाना है। वहीं, महिला अध्यक्ष मनीषा राजपूत ने आयोजन की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिला है।
शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग का मिला प्रस्ताव
कार्यक्रम में भिलाई रिसाली से कमल सर एकेडमी के संचालक कमल किशोर गौतम भी विशेष रूप से आमंत्रित थे। पिछले 25 वर्षों से कॉमर्स कोचिंग संचालित कर रहे गौतम ने समाज के बच्चों को अपने अनुभव का लाभ देने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि 12वीं कॉमर्स और एडवांस कोर्सेज के लिए समाज के मेधावी छात्र उनसे संपर्क कर सकते हैं।
टीम वर्क से सफल रहा पूरा आयोजन
भादो तीज मिलन समारोह का सफल संचालन महिला मंडल और दुर्ग उत्तर उपसमिति के संयुक्त तत्वाधान में हुआ। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के मार्गदर्शन और सचिव व कोषाध्यक्ष की मेहनत से आयोजन स्थल और भोजन की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की गईं। कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्यों ने भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जरूरी खबरें
विज्ञापन