केरल में गरजे CM विष्णु देव साय: 'तुष्टिकरण' की राजनीति पर किया कड़ा प्रहार
OM Darpan
रायपुर/केरल (ओमदर्पण न्यूज़)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केरल के अरनमुला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी कुम्मनम राजशेखरन के नामांकन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता के सामने भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा तथा केरल की राजनीति में एक बड़े बदलाव के संकेत दिए।
मुख्यमंत्री साय ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अरनमुला विधानसभा क्षेत्र के लोग वर्षों से तुष्टिकरण की राजनीति का दंश झेल रहे हैं। अब जनता ऐसे नेतृत्व की ओर देख रही है, जो जनसेवा, विकास और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के प्रति पूरी तरह से समर्पित हो। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का नेतृत्व इस क्षेत्र में नई उम्मीद और सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा।
पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व का दिया हवाला
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का हवाला देते हुए कहा कि देश में आज विकास और विश्वास के नए मानदंड स्थापित हुए हैं। इसी प्रेरणा के साथ केरल में भी भाजपा तेजी से जन-जन की पहली पसंद बन रही है। उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की कि वे अपना मत विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर दें। साय ने भरोसा जताया कि भाजपा के नेतृत्व में केरल में एक सशक्त और जवाबदेह सरकार की स्थापना होगी, जिससे विकास कार्यों को तेज गति मिलेगी।
कुम्मनम राजशेखरन ने किए ये वादे
नामांकन के अवसर पर भाजपा प्रत्याशी कुम्मनम राजशेखरन ने जनता को भरोसा दिलाया कि वह उनकी अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर विशेष ध्यान देने का वादा किया। कुम्मनम ने चुनाव प्रचार में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री साय और केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति से भाजपा के संदेश को अभूतपूर्व मजबूती मिली है।
रणनीतिक रूप से अहम है CM साय का दौरा
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का केरल चुनाव प्रचार में उतरना भाजपा का एक बड़ा रणनीतिक कदम है, जो सीधे तौर पर जनभावनाओं को प्रभावित कर सकता है। यह दर्शाता है कि भाजपा का राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेतृत्व मिलकर केरल में विकास की नई इबारत लिखने के लिए प्रतिबद्ध है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन