आगामी बारिश से पहले जलजनित बीमारियों से बचाव को लेकर भिलाईनगर में हाईलेवल बैठक आयोजित
OM Darpan
भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
बीएसपी टाउनशिप क्षेत्र में बारिश से पहले जलजनित व मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने आयुक्त कक्ष में अहम बैठक ली। इस बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ मनोज दानी, जिला मलेरिया अधिकारी सी.बी.एस. बंजारे और बीएसपी के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए अग्रिम तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई।
जलभराव की समस्या पर सख्त निर्देश
बैठक में आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने टाउनशिप क्षेत्र में बैकलाइन की सफाई, पुराने व जर्जर भवनों में जलभराव की समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव और बैकलाइन की अस्वच्छता के कारण डायरिया, मलेरिया, डेंगू और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसको रोकने के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाएं।
वार्ड 32 में विशेष सर्वे अभियान
आयुक्त पाण्डेय के निर्देश पर वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक के.के. सिंह ने अपने दल के साथ वार्ड 32 बैकुंठधाम, कुम्हारपारा में विशेष सर्वे अभियान चलाया। इस दौरान दस्त, उल्टी-दस्त से बचाव के लिए निगम के विशेष दस्ते ने 42 घरों में जाकर 194 सदस्यों से आवश्यक पूछताछ की। खुशी की बात यह रही कि वर्तमान में दस्त/उल्टी-दस्त के कोई केस नहीं पाए गए।
सर्वेक्षण के दौरान सभी घरों में पानी उबालकर सेवन करने, ठंडा कर पीने और बाजार के अस्वास्थ्यकर बासी व सड़े-गले फल सब्जियों से परहेज करने की स्वास्थ्य शिक्षा दी गई। जल शुद्धिकरण के लिए 500 नग क्लोरीन टेबलेट भी वितरित की गईं।
बीएसपी की ओर से संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे
भिलाई इस्पात संयंत्र डेंगू की रोकथाम के लिए घर-घर सर्वे कराने हेतु 120 स्वच्छता कर्मचारियों को उपलब्ध कराएगा, जिनका भुगतान भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा श्रम आयुक्त की दर पर किया जाएगा।
साथ ही बीएसपी के मकानों की बैकलाइन सफाई, कचरा कलेक्शन हेतु वाहन और अन्य संसाधन भी भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा मुहैया कराए जाएंगे। बीएसपी के पुराने भवनों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो रही है, जिसे रोकने के लिए इन भवनों को तोड़ने की मांग भी आयुक्त से की गई है। छत पर जलभराव से जलजनित रोगों का खतरा लगातार बना रहता है, इसलिए इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
समीक्षा बैठक में बीएसपी महाप्रबंधक के.के. यादव, वरिष्ठ प्रबंधक रमेश गुप्ता, सहायक प्रबंधक देवानंद चौहान, जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली और जोन सहायक स्वास्थ्य अधिकारी व्ही.के. सामुएल उपस्थित रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन