दुर्ग पुलिस ने उतई में सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर
OM Darpan

दुर्ग पुलिस के विशेष अभियान के तहत डेटा प्राइवेसी और ठगी से बचाव के लिए नागरिकों को किया गया सचेत
उतई। दुर्ग पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत मंगल भवन, उतई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 25 सितंबर 2026 को महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगन मिलन सेवा, पोषण अभियान एवं महतारी मेगा हेल्थ कैंप के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की दी जानकारी
कार्यक्रम में वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए डेटा प्राइवेसी, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा व्यक्तिगत जानकारी साझा करने की सीमाओं के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। प्रतिभागियों को समझाया गया कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आवश्यक सावधानी बरतें और अपनी निजता का ध्यान रखें।
बैंकिंग सुरक्षा को लेकर हिदायत दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV या पासवर्ड साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात एप्लीकेशन डाउनलोड करने तथा अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए संदेशों या कॉल पर प्रतिक्रिया देने से बचने के लिए नागरिकों को जागरूक किया गया।
हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत करें शिकायत
साइबर ठगी की स्थिति में राशि की तत्काल रिकवरी की संभावना बढ़ाने के लिए बिना विलंब हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि घटना की त्वरित जानकारी देकर नागरिक पुलिस की कार्रवाई में सहयोग कर सकते हैं। दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय अपनी व्यक्तिगत और वित्तीय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
आयोजन में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, सहकारी समिति दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन और नगर पंचायत उतई की अध्यक्ष सरस्वती साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अमले से महिला एवं बाल विकास विभाग की CDPO उषा झा, महिला सुपरवाइजर प्रमिला वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक IUCAW ममता देवांगन ने भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान रेंज साइबर थाना से उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय, दुर्ग पुलिस रक्षा टीम तथा थाना उतई का पुलिस स्टाफ भी सक्रिय रहा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और समुदाय के अन्य सदस्यों को साइबर अपराधों के स्वरूप और बचाव के उपायों के प्रति सचेत करना है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन