आंध्र प्रदेश को 3,600 करोड़ रुपये के 3 लाख पक्के मकानों की सौगात, 3D कंक्रीट तकनीक से बनेंगे घर
OM Darpan
गुंटूर (आंध्र प्रदेश): राज्य के समग्र विकास और ग्रामीण उत्थान को नई गति देते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को गुंटूर जिले के बुर्रीपालेम गांव में आयोजित समारोह में आंध्र प्रदेश को 3,600 करोड़ रुपये की लागत से 3 लाख पक्के आवासों की सौगात सौंपी। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री चौहान ने देश की पहली 3D कंक्रीट प्रिंटिंग तकनीक से बनने वाली 177 पायलट आवास परियोजना की नींव भी रखी। जनसभा में चौहान ने कहा कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरावती में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की 'एक और एक ग्यारह' वाली जोड़ी राज्य को देश का नंबर-1 राज्य बनाने के लिए 360 डिग्री विकास कर रही है।
3 लाख मकान स्वीकृत, मांगेंगे 9 लाख तो वो भी देंगे
बुर्रीपालेम (तेनाली मंडल) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मंत्रालय के अधिकारियों ने आंध्र प्रदेश के लिए केवल 76,000 आवासों का कोटा तय किया था। लेकिन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के आग्रह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से सीधे 3 लाख पक्के मकानों की पहली किस्त स्वीकृत कर दी गई। चौहान ने कहा कि जब बाबू ने और 6 लाख मकानों की मांग रखी, तो उन्होंने भरोसा दिया कि ये 3 लाख मकान पूरे होते ही अगले 3-3 लाख करके कुल 9 लाख आवास स्वीकृत किए जाएंगे और आंध्र में शत-प्रतिशत गरीबों को पक्का मकान मिलेगा।
6 महीने में तैयार होंगे 3D कंक्रीट तकनीक वाले मजबूत घर
बुर्रीपालेम और ओबुलनायडुपालेम में 14 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हो रही 3D कंक्रीट प्रिंटिंग परियोजना को आवासीय क्रांति करार देते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह पायलट प्रोजेक्ट समय, लागत और श्रम की बड़ी बचत करेगा। इस आधुनिक तकनीक से ये घर मात्र 6 महीने में बनकर तैयार होंगे, जिनकी मजबूती और उम्र पारंपरिक मकानों से कहीं अधिक होगी।
अमरावती को कानूनी अधिकार और पोलावरम को 100% ग्रांट
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में कानून पारित कराकर अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र स्थायी राजधानी का दर्जा दिलाया और 15,000 करोड़ रुपये की विशेष सहायता राशि जारी की। पोलावरम परियोजना को केंद्र सरकार की 100 प्रतिशत ग्रांट से पूरा किया जा रहा है, जबकि अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राज्य की कनेक्टिविटी बढ़ाएगा।
'अन्नदाता सुखी भव' और 60 लाख 'लखपति दीदी' का लक्ष्य
किसानों और महिलाओं के सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र की 6,000 रुपये की पीएम-किसान सम्मान निधि में मुख्यमंत्री नायडू ने 'अन्नदाता सुखी भव' योजना के 14,000 रुपये जोड़कर किसानों को सालाना 20,000 रुपये की आर्थिक मदद दी है। आंध्र को देश का सबसे बड़ा हॉर्टिकल्चर हब बनाया जाएगा। राज्य में 23 लाख बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं, जिसे 60 लाख तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, 15 अक्टूबर को पहली बार दिल्ली से बाहर राष्ट्रीय 'सरस मेला' आंध्र प्रदेश में आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी।
'एमपी का मामा हूँ तो एपी का भी मामा हूँ'
चौहान ने अपने संबोधन की शुरुआत 'भारत माता की जय' और तेलुगु भाषा में अभिवादन के साथ की। तेनालीराम की पावन भूमि को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि तेलुगु भाषा बेहद मीठी है। उन्होंने कहा, "अगर मैं मध्य प्रदेश का मामा हूँ, तो आंध्र प्रदेश का भी मामा ही हूँ।"
डॉ. पेमासानी की सादगी और चंद्रबाबू नायडू के विजन की तारीफ
केंद्रीय मंत्री ने केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेमासानी के पैतृक गांव आने पर खुशी जताई और जनसेवा के प्रति उनके जुड़ाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र को आईटी हब बनाया और अब अमरावती को एआई, क्वांटम टेक्नोलॉजी, डेटा सेंटर और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग में आगे ले जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया आभार
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताते हुए उन्हें आंध्र प्रदेश का भी लाड़ला 'मामा' बताया। उन्होंने कहा कि शिवराज जी ने एक झटके में 3 लाख मकानों की स्वीकृति देकर राज्य की जनता का दिल जीत लिया है। नायडू ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के साझा प्रयासों से आंध्र प्रदेश हर क्षेत्र में देश का नंबर-1 राज्य बनेगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेमासानी, आंध्र प्रदेश के नागरिक आपूर्ति मंत्री नादेंडला मनोहर, आवास व सूचना मंत्री कोलसु पार्थसारथी, पर्यटन मंत्री कंडुला दुर्गेश, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पीवीएन माधव, राज्यसभा सांसद भाष्यम रामकृष्ण, सांसद लिंगमनेनी रमेश, विधान परिषद सदस्य अलापति राजेंद्र प्रसाद, हाउसिंग कॉरपोरेशन चेयरमैन बाथुला तातय्या बाबू समेत वरिष्ठ अधिकारी और हजारों की संख्या में ग्रामीण व किसान उपस्थित रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन