नमो भारत के तीन साल पूरे होने पर नई दिल्ली में समारोह आयोजित
OM Darpan
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने 17 अक्टूबर को नमो भारत रैपिड रेल के संचालन के तीन वर्ष पूरे होने पर नई दिल्ली में ‘नमो भारत दिवस 2026’ मनाया। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, राज्य मंत्री तोखन साहू और एनसीआरटीसी के एमडी शलभ गोयल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रोजाना 1.1 लाख यात्री कर रहे सफर
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नमो भारत 'राष्ट्र प्रथम' का प्रतीक है और यह क्षेत्रीय विकास को गति दे रही है। 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर अब तक 4.5 करोड़ से अधिक लोग यात्रा कर चुके हैं। वर्तमान में हर दिन 1.1 लाख से अधिक यात्री इसका लाभ उठा रहे हैं।
दो नए कॉरिडोर को जल्द मिलेगी मंजूरी
भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया गया कि दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ कॉरिडोर को जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है। वहीं, गाजियाबाद-जेवर और नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम कॉरिडोर अभी डीपीआर चरण में हैं। एमडी शलभ गोयल ने इस सफलता का श्रेय कर्मचारियों की मेहनत और उनके परिवारों के सहयोग को दिया।
उत्कृष्ट कर्मचारियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में एक फिल्म के जरिए 'सोलर ऑन ट्रैक' और 110 मेगावाट सोलर पावर प्लांट जैसी पर्यावरण संरक्षण की पहलों को भी प्रदर्शित किया गया। अंत में साल भर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को एनसीआरटीसी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ।
जरूरी खबरें
विज्ञापन