शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
OM Darpan
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 19 और 20 अक्टूबर को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शासनाध्यक्ष परिषद की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस सम्मेलन में एससीओ सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग को और विस्तार प्रदान करने पर चर्चा होगी। बैठक में व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, कनेक्टिविटी, नवाचार और सांस्कृतिक व मानवीय आदान-प्रदान जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा, संगठन की जारी सहयोग गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और वित्तीय एवं संस्थागत कामकाज से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।
भारत शंघाई सहयोग संगठन के विभिन्न तंत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेता रहा है। स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भारत क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में लगातार योगदान दे रहा है। यह बैठक भारत को संगठन के अन्य सदस्य देशों के साथ व्यावहारिक और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को आगे बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान करेगी।
गौरतलब है कि शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्ष परिषद की पिछली बैठक 18 नवंबर 2025 को रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित हुई थी। इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने किया था।
जरूरी खबरें
विज्ञापन