डीआरआई का मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ा प्रहार, 10 किलो से अधिक नशीले पदार्थों के साथ तीन गिरफ्तार
OM Darpan
नई दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने समन्वित खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी पर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। डीआरआई की टीम ने तीन अलग-अलग अभियानों में कुल 7.1 किलोग्राम एम्फ़ैटेमिन और 3.1 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। इन मामलों में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, नागपुर के पास और नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर की गई।
बेंगलुरु हवाई अड्डे पर 5.166 किलो एम्फ़ैटेमिन बरामद
विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने 14 अक्टूबर 2026 को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कार्रवाई की। टीम ने दिल्ली से पहुंचे एक यात्री को रोककर उसके सामान की जांच की, जिसमें से 5.166 किलोग्राम एम्फ़ैटेमिन बरामद हुआ। बरामद पदार्थ को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
सूट और बैग की परत में छिपाकर ले जाया जा रहा था नशा
इसके दो दिन बाद चलाए गए एक अन्य अभियान में डीआरआई अधिकारियों ने नागपुर के बाहरी इलाके साओनेर के खापा फाटा के पास कार्रवाई की। अधिकारियों ने दिल्ली से हैदराबाद जा रही एक बस में सवार भारतीय नागरिक के बैग की तलाशी ली। जांच के दौरान नए महिला सूट के अंदर छिपाया गया सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ मिला। बैग का वजन असामान्य रूप से अधिक होने पर भीतरी परत की जांच की गई, जहाँ छिपाकर रखा गया एक और पैकेट बरामद हुआ। मौके पर किए गए परीक्षण में इसके एम्फ़ैटेमिन होने की पुष्टि हुई। इस दौरान कुल 1.97 किलोग्राम एम्फ़ैटेमिन जब्त कर आरोपी यात्री को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
घाना से दिल्ली पहुंचे यात्री से 3.134 किलो कोकीन जब्त
15 और 16 अक्टूबर 2026 को चलाए गए एक अन्य अभियान में डीआरआई ने आईजीआई हवाई अड्डे, नई दिल्ली के टर्मिनल 3 पर घाना से आए एक भारतीय यात्री को रोका। उसके सामान की जांच करने पर छह पारदर्शी पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 3.134 किलोग्राम सफेद पाउडर मौजूद था। फील्ड परीक्षण में इसके कोकीन होने की पुष्टि हुई। इस पदार्थ को भी एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
डीआरआई के अनुसार, यह सफलता मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखलाओं को बाधित करने, तस्करी के अनूठे तरीकों का भंडाफोड़ करने और देश के हवाई व सड़क नेटवर्क के जरिए खतरनाक नशीले पदार्थों की आवाजाही को रोकने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन