मलाना में नारकोटिक्स ब्यूरो का जन संवाद: ग्रामीणों व बच्चों ने ली अवैध भांग की खेती छोड़ने की शपथ
OM Darpan
कुल्लू। भारत सरकार के केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने 6 अक्टूबर को कुल्लू जिले के मलाना गांव में 'नशा मुक्त भारत अभियान' और 'युवा रक्षा पहल' के तहत जन संवाद आयोजित किया। इसका मुख्य उद्देश्य अवैध भांग की खेती को रोकना और टिकाऊ वैकल्पिक विकास को बढ़ावा देना था।
नशे के दुष्प्रभाव व रोजगार के विकल्पों पर मंथन
अधिकारियों ने ग्रामीणों को भांग और चरस के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक किया। संवाद में सेब की खेती की चुनौतियों, मधुमक्खी पालन, दुग्ध उत्पादन, पर्यटन और कृषि बाजार जैसे आजीविका के नए साधनों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही अवैध खेती से जंगलों की कटाई और पारंपरिक चरागाहों को हो रहे नुकसान पर भी चिंता जताई गई।
नशामुक्ति का सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के अंत में मलाना के निवासियों और स्कूली बच्चों ने सामूहिक रूप से मादक पदार्थों का सेवन न करने और आगामी कृषि मौसम से भांग की खेती पूरी तरह बंद करने की शपथ ली। समुदाय ने वैकल्पिक आजीविका के अवसरों के लिए ब्यूरो के साथ मिलकर काम करने का निर्णय लिया।
जरूरी खबरें
विज्ञापन