महिला ने डेढ़ साल की बेटी को कुएं में फेंककर की हत्या, फिर पेड़ से लटक कर ली आत्महत्या
OM Darpan
Dec 19, 2024 07:22 am
226 views
19 Dec 2024
डूंगरपुर।
डूंगरपुर जिले के हड़मतिया गांव में एक महिला ने अपनी डेढ़ साल की बेटी की हत्या कर दी और बाद में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब हुई।
चौरासी थाना क्षेत्र के इस मामले की जानकारी देते हुए धंबोला थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान ने बताया कि महिला की पहचान भावना (30) पत्नी दिनेश अहारी के रूप में हुई है। भावना के तीन बच्चे थे, जिसमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। महिला का पति दिनेश अहारी गुजरात के अहमदाबाद में एक कंपनी में काम करता है। भावना अपने सास-ससुर और बच्चों के साथ घर पर रहती थी।बुधवार को भावना ने अपनी डेढ़ साल की बेटी दिव्यांशी को घर से लगभग 150 मीटर दूर स्थित एक कुएं में फेंक दिया, जहां बच्ची की डूबने से मौत हो गई। इसके बाद महिला ने उसी क्षेत्र में एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना की जानकारी भावना के पति दिनेश और उसके परिवार के अन्य सदस्यों को दी। दोनों शवों को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। अभी तक घटना पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। गुरुवार को परिवार की ओर से रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।महिला के पति दिनेश ने बताया कि वह 25 दिन पहले गुजरात में नौकरी के लिए घर से बाहर गया था। उसकी पत्नी और बेटी की मौत की खबर सुनकर वह सदमे में आ गया और जब वह घर लौटे तो दोनों शव देखकर फूट-फूट कर रोने लगा। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या और हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कुएं की गहराई 60 फीट है और पेड़ से महिला का शव 80 मीटर दूर पाया गया है।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन