28 सितम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

दूरदर्शन ने समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध किया और संस्कारों को संवारा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

शेयर करें

OM Darpan

Sep 16, 2025 01:15 am 320 views
दूरदर्शन ने समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध किया और संस्कारों को संवारा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर स्थित दूरदर्शन केंद्र में आयोजित दूरदर्शन के 66वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने दूरदर्शन परिवार, अधिकारियों, कर्मचारियों और दर्शकों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और दूरदर्शन की इस ऐतिहासिक यात्रा से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा कीं। इस दौरान, उन्होंने दूरदर्शन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, गीत, शास्त्रीय संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों का भी आनंद लिया। कलाकारों ने गौर नृत्य, बांस गीत, जवारा नृत्य, सुआ नृत्य और गौरी-गौरा जैसे पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए।  

समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध करने में दूरदर्शन का योगदान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दूरदर्शन ने केवल मनोरंजन ही नहीं किया, बल्कि हमें वैचारिक रूप से समृद्ध करने और संस्कारित करने में भी बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने 1982 के एशियाई खेलों के रंगीन प्रसारण, साथ ही 'रामायण' और 'महाभारत' जैसे कालजयी धारावाहिकों का जिक्र करते हुए बताया कि उस दौर में दूरदर्शन का जादू ऐसा था कि इनके प्रसारण के समय सड़कें सुनसान हो जाती थीं। मुख्यमंत्री ने 'मिले सुर मेरा तुम्हारा' जैसे गीतों के माध्यम से देश की एकता और सांस्कृतिक एकरूपता का संदेश फैलाने में दूरदर्शन की भूमिका की सराहना की। उन्होंने समाचारों की गरिमा और भाषा की शुचिता बनाए रखने की दूरदर्शन की परंपरा को भी सदैव प्रशंसनीय बताया।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिला राष्ट्रीय मंच

मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि दूरदर्शन के प्रादेशिक केंद्रों ने स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। रायपुर दूरदर्शन ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रमों, विशेषकर "हमर चिन्हारी" के माध्यम से, छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को देश-दुनिया तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि 'कृषि दर्शन', महिलाओं से जुड़े कार्यक्रम और युवाओं के लिए प्रस्तुत विशेष सामग्री के माध्यम से दूरदर्शन ने समाज के हर वर्ग को जोड़ा है। मुख्यमंत्री ने अपनी मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद "अपनी बात" कार्यक्रम में दिए गए साक्षात्कार को याद करते हुए कहा कि दूरदर्शन हमेशा स्पष्टता और विस्तारपूर्वक अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर देता है।

जनकल्याणकारी योजनाओं का सशक्त माध्यम

मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाखों हितग्राहियों को मिल रहा है और दूरदर्शन इन सकारात्मक बदलावों को प्रमुखता से समाज में प्रदर्शित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब किसी एक व्यक्ति की सफलता की कहानी दूरदर्शन पर प्रसारित होती है, तो वह लाखों लोगों के जीवन को बदलने का एक सशक्त आधार बनती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दूरदर्शन परिवार को स्थापना दिवस की पुनः हार्दिक बधाई दी और आशा व्यक्त की कि दूरदर्शन इसी प्रकार आम जनता के मनोरंजन, संस्कार और जागरूकता का प्रमुख माध्यम बना रहेगा।

संस्कृति मंत्री ने भी सराहा दूरदर्शन का कार्य

इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि दूरदर्शन ने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी दूरदर्शन प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को और अधिक सशक्त रूप से दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। कार्यक्रम में रायपुर दूरदर्शन केंद्र के उप महानिदेशक संजय कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित थे।
Tags

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
260928222219131

विज्ञापन

Advertisement