उरला में भाजपा का सघन जनसंपर्क, हर बूथ पर मिल रहे 50 से 100 संदिग्ध नाम
OM Darpan
-
सेक्टर प्रभारी बेदराम साहू के नेतृत्व में घर-घर पहुंची टीम
-
एसआईआर फॉर्म भरने को लेकर जांची स्थिति, लोगों को किया जागरूक
रायपुर.
राजधानी के उरला क्षेत्र में मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान ने अब जोर पकड़ लिया है। मां बंजारी मंडल के तहत आने वाले वार्डों में फर्जी और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पहचान के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार सुबह से सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। अभियान के दौरान दावा किया गया कि प्रत्येक बूथ पर लगभग 50 से 100 ऐसे नाम सामने आ रहे हैं जो या तो फर्जी हैं या जिनका नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज है।
वार्ड 1 से 6 के बीच 9 बूथों पर दस्तक
शनिवार सुबह 7 बजे से शुरू हुए इस अभियान का नेतृत्व सेक्टर प्रभारी बेदराम साहू ने किया। टीम ने उरला सेक्टर के वार्ड क्रमांक 1 से 6 के अंतर्गत आने वाले 09 बूथों पर घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया। इस दौरान मुख्य फोकस 'एसआईआर' (SIR) फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया पर रहा। कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं से पूछा कि उन्होंने फॉर्म जमा किया है या नहीं। जिन लोगों को फॉर्म भरने में समस्या आ रही थी, उनका मौके पर ही निराकरण किया गया।
विरोधियों के दुष्प्रचार पर विराम
अभियान में शामिल छाया पार्षद और बूथ अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा था, लेकिन अब जनता जागरूक हो चुकी है। लोग स्वयं आगे आकर कतारबद्ध होकर फॉर्म जमा कर रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि जनता का यह उत्साह उन विरोधियों के लिए करारा जवाब है जो इस प्रक्रिया को गलत बताकर बवाल मचा रहे थे। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में कोई भी फर्जी मतदान न कर सके।
जनसंपर्क अभियान में प्रमुख रूप से बूथ अध्यक्ष और बीएलए (BLA) संजय साहू, पितांबर साहू, राजेंद्र साहू, योगेंद्र वर्मा, परमेश्वर साहू, गौकरण साहू, नरेंद्र कुर्रे और रजत साहू शामिल थे। टीम ने स्पष्ट किया कि जब तक मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित नहीं हो जाती, यह अभियान जारी रहेगा।
जरूरी खबरें
विज्ञापन


