• विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने दोषी प्रिंसिपल पर कठोर कार्रवाई की मांग की
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
दुर्ग के जामुल स्थित मदर टेरेसा स्कूल एक शर्मनाक घटना को लेकर सुर्खियों में है। यहां एक नर्सरी की मासूम छात्रा को सिर्फ इसलिए प्रताड़ित कर पीटा गया, क्योंकि उसने प्रार्थना के दौरान ‘राधे राधे’ बोल दिया था। इस घटना के सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता बच्ची के परिजनों के साथ एकजुट होकर नंदिनी थाने पहुंचे और प्रिंसिपल के खिलाफ FIR दर्ज कराई।

‘राधे राधे’ बोलना बना अपराध
जानकारी के अनुसार, यह घटना आज मदर टेरेसा स्कूल, बागडूमर जामुल में हुई। नर्सरी में पढ़ने वाली एक छोटी बच्ची जब स्कूल में प्रार्थना कर रही थी, तब अनजाने में उसके मुंह से ‘राधे राधे’ निकल गया। यह सुनकर स्कूल की प्रिंसिपल इला इवन केल्विन भड़क गईं। आरोप है कि प्रिंसिपल ने बच्ची के हाथ में टेप लगाकर उसे न केवल शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, बल्कि उसके साथ मारपीट भी की। इस घटना से बच्ची बुरी तरह सहम गई।
परिजनों ने बजरंग दल को दी सूचना
स्कूल से घर लौटने के बाद बच्ची ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। घटना सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत इस मामले की जानकारी बजरंग दल को दी। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और बच्ची के परिजनों के साथ नंदिनी थाने पहुंचे। वहां प्रिंसिपल इला इवन केल्विन के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कराई गई।
संगठनों की सख्त कार्रवाई की मांग
पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने इस घटना की कड़ी निंदा की। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी प्रिंसिपल के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही, उन्होंने प्रत्येक स्कूल की जांच करने और ऐसे कृत्य करने वालों को चिन्हित कर उन पर भी कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेविका संघ की जिला संयोजिका दामिनी साहू, बजरंग दल जिला सह संयोजक खेमलाल सेन, अहिवारा प्रखंड से संयोजक विक्की ठाकुर, भिलाई नगर संयोजक रोहित दूबे, दुर्ग ग्रामीण संयोजक वरुण निषाद, सहसंयोजक राहुल साहू, अहिवारा प्रखंड बालोपासना प्रमुख मुकेश यादव, धनेश्वर, चेतन, करण, पीलूराम, मुकेश, सन्नी, साहिल, यशवंत, दीपेश छोटू, राहुल यादव, रोहित, हनी शर्मा, करताल सिंग, अमित साहू सहित सभी बजरंगी भाई उपस्थित रहे। यह प्रेस विज्ञप्ति दुर्ग जिला संयोजक, छत्तीसगढ़ प्रांत सौरभ देवांगन ने जारी की है।






