राहुल गांधी ने किया वादा पूरा, मोची रामचेत को भेजी सिलाई मशीन
सुल्तानपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को मोची रामचेत की दुकान पर जाकर उसका हालचाल जाना और शनिवार को उसे ‘जूते सिलने की मशीन’ भेजी। यह जानकारी कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने दी है। मशीन मिलने पर रामचेत की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
राहुल गांधी की पहल
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जननायक राहुल गांधी कल सुल्तानपुर में मोची रामचेत से मिले थे और उनके काम की बारीकियों को समझा था। अब उनके लिए जूते सिलने की मशीन भिजवाई है जिससे रामचेत को जूते की सिलाई में आसानी होगी। ऐसे हैं आपके राहुल, जन-जन के राहुल।”
जननायक राहुल गांधी जी कल सुल्तानपुर (UP) में मोची रामचैत जी से मिले थे, उनके काम की बारीकियों को समझा था।
अब उनके लिए जूते सिलने की मशीन भिजवाई है, जिससे रामचैत जी को जूते की सिलाई में आसानी होगी।
ऐसे हैं आपके राहुल, जन-जन के राहुल ❤️ pic.twitter.com/wEQNMneZdB
— Congress (@INCIndia) July 27, 2024
रामचेत की खुशी
रामचेत ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि इतना बड़ा समान तुरन्त मिल गया। कल राहुल गांधी मेरी दुकान पर एकाएक आकर बैठ गए और हमारे कामकाज के बारे में जाना। मैंने बताया कि जूते की सिलाई कहीं और कराता हूं और यहां उसकी फिटिंग करता हूं।”
वादा पूरा हुआ
रामचेत ने आगे बताया, “राहुल गांधी ने कहा था कि मैं तुम्हारी मदद करूंगा और आज ही उन्होंने मशीन भेज दी। पहले मैं एक दिन में एक-दो जोड़ी जूते तैयार कर पाता था लेकिन अब इस मशीन के मिलने से दिनभर में आठ-दस जोड़ी तैयार कर लूंगा। अब मैं इस मशीन से स्कूल बैग, पर्स आदि भी बनाऊंगा।”
अदालती पेशी के दौरान
राहुल गांधी मानहानि के एक मामले में सुल्तानपुर की अदालत में पेश होने आए थे और लौटते समय वह शहर के बाहरी इलाके में मोची रामचेत की दुकान पर रुके थे और उसका हालचाल जाना था।









