
रायपुर।
रायपुर SSP ने शनिवार को बदमाशों को थाने बुलाकर कड़ा संदेश दिया। पुलिस ने इन बदमाशों को थाने बुलाकर परेड कराई, लेकिन इस बार यह सब कुछ अलग था। बदमाश थाने यह सोचकर पहुंचे थे कि उन्हें सिर्फ डांट-फटकार सुनने को मिलेगा, लेकिन इस बार SSP ने इनको सख्त सजा दी।
पुलिस ने बदमाशों को पट्टे से पीटकर, उन्हें मुर्गा बना दिया। इसके साथ ही यह वीडियो भी सामने आया है।
शनिवार को पुलिस ने अलग-अलग इलाकों के करीब 100 बदमाशों को गंज थाना स्थित एंटी क्राइम यूनिट में बुलाया। इन बदमाशों में से कुछ तो खुद थाने पहुंचे, जबकि कुछ को पुलिस ने गाड़ी में जबरन लाकर थाने पहुंचाया।इन बदमाशों पर चाकूबाजी, मारपीट और दबंगई जैसे गंभीर आरोप हैं। उनका इलाके में खौफ है, और इनकी गिनती इलाके के सबसे बड़े बदमाशों में होती है।
इस दौरान एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने इन बदमाशों से एक-एक कर उनके अपराधों का ब्यौरा लिया। फिर उन्हें उनके क्रिमिनल हिस्ट्री के आधार पर अलग-अलग किया गया। हत्या, हत्या के प्रयास, चाकूबाजी और अन्य गंभीर मामलों में आरोपित बदमाशों को अलग खड़ा किया गया।
आगे, एसएसपी ने इन बदमाशों को मुर्गा बना दिया। इसके बाद बदमाशों को हाथ आगे करके पंजे पर पट्टे से मारा गया। इस दौरान कुछ बदमाश दर्द में उछलते और चिल्लाते नजर आए।
इस पूरी कार्रवाई के बाद बदमाशों ने माफी मांगी और मोहल्ले में गुंडागर्दी न करने की कसम खाई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें शांतिपूर्ण जीवन जीने की सलाह दी और चेतावनी दी कि अगर कोई भी आगे से इलाके में गुंडागर्दी करता है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस ने पूरे इलाके में गुंडागर्दी करने वाले सभी पुराने और नए बदमाशों को थाने में बुलाया। 150 से अधिक नामजद बदमाशों को पुलिस ने थाने बुलाया और उन्हें शांतिपूर्ण जीवन जीने की चेतावनी दी। साथ ही पुलिस ने कहा कि जब भी पुलिस उन्हें बुलाए, वे बिना किसी आनाकानी के थाने पहुंचें।









