बीरगांव के कांग्रेसी महापौर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, भाजपा पार्षद बेदराम साहू ने किया घेराव
OM Darpan
Oct 01, 2024 07:37 am
290 views
01 Oct 2024
रायपुर/बीरगांव (सत्यानंद सोई)।
बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के 40 वार्ड के नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। भारी टैक्स का भुगतान करने के बावजूद जनता परेशान है। कांग्रेसी महापौर, जो सत्ता के सुख में चूर हैं, केंद्र और राज्य की लोकहित योजनाओं को अपनी मनमानी नियमों से चलाकर जनता को निगम कार्यालय के चक्कर लगाने के लिए मजबूर कर रहे हैं। आरोप है कि महापौर भ्रष्टाचार की हर सीमा पार कर रहे हैं, चाहे वह राशन कार्ड बनवाना हो, पेंशन शुरू करना हो, या नल जल योजना के पाइपलाइन और नल कनेक्शन प्रदान करने की बात हो।
पार्षद बेदराम साहू ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर महापौर के खिलाफ आरोप लगाते हुए घेराव किया। उन्होंने कहा कि निगम में नागरिकों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। महापौर ने राशन कार्ड वितरण के लिए नियम बनाए हैं कि सभी कार्ड वह खुद वितरित करेंगे, लेकिन महीनों तक लोगों को इंतजार कराया जाता है। जल आवर्धन योजनाओं में करोड़ों की लागत से बनी कंक्रीट सड़कें अस्त-व्यस्त हो गई हैं।
विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 05 में निर्मित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी की स्थिति बेहद खराब है। घटिया भूमिगत नाली निर्माण के कारण प्रतिदिन सेप्टीक टैंक का मल मूत्र बाहर निकल रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
घेराव में पहुंचकर आम लोगों ने समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्यमंत्री स्वालंबन योजना के तहत दुकानों की छत से पानी टपकने, वार्ड 09 में मेटल पार्क से बंद लाइन के तार हटाने, वार्ड क्रमांक 01 में नाली निर्माण, और विभिन्न अन्य समस्याओं का उल्लेख किया गया है।
पार्षद बेदराम साहू ने निगमायुक्त से सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन मांगा और 20 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का निदान नहीं हुआ तो पुनः उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। घेराव में बेदराम साहू, पार्षद एवज देवांगन, पूर्व नेता प्रतिपक्ष भीखम देवांगन, अश्वनी चान्दरे, रजत साहू, डोमेश देवांगन, जितेंद्र यादव, और सैकड़ों नागरिक शामिल हुए।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन