रायपुर में हत्या की घटनाओं से फैली सनसनी, दो दिनों में तीन मर्डर
OM Darpan
Nov 20, 2024 11:17 pm
259 views
20 Nov 2024
रायपुर।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर इन दिनों हो रही हत्या की घटनाओं से दहल उठी है। महज दो दिनों में अब तक तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। इसी कड़ी में बुधवार को इंडोर स्टेडियम के पीछे गेट के नाले के अंदर एक अधेड़ व्यक्ति की लाश संदिग्ध अवस्था में मिली। शव मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रथम दृष्ट्या इसे हत्या का मामला माना जा रहा है। मौके पर एसपी, कोतवाली थाना प्रभारी और पुरानी बस्ती थाना प्रभारी समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक अन्य घटना में आपसी विवाद के बाद युवक ने अपने ही साथी की फावड़ा मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी युवक अपने दोस्त की लाश के पास ही बैठा रहा। घटना विनायक सिटी में हुई, जहां संतोष कुमार और नोहर मानिकपुरी मजदूरी करते थे और साथ रहते थे। मंगलवार रात दोनों ने खाना खाने के बाद साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान पैसों को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। संतोष ने नोहर से कहा कि कमाई के कुछ पैसे घर भी भेज दिया कर, जिससे नोहर नाराज हो गया। इसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई हुई। इसी बीच नोहर ने पास पड़े फावड़े से संतोष के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन