युवाओं की शक्ति ही गढ़ेगी विकसित भारत, बड़े सपने देखकर तय करें लक्ष्य: मुख्यमंत्री
OM Darpan
जेन नेक्स्ट संवाद में युवाओं से रूबरू हुए सीएम विष्णु देव साय, साझा किए अपने जीवन के संघर्ष और अनुभव
रायपुर.
भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और यही युवा शक्ति विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बनेगी। युवाओं को चाहिए कि वे समय की कीमत समझें, अपनी रुचि के अनुरूप लक्ष्य तय करें और पूरी ऊर्जा के साथ उसे हासिल करने में जुट जाएं। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के सड्डू में न्यूज 24 और लल्लूराम डॉट कॉम द्वारा आयोजित ‘जेन नेक्स्ट संवाद: यंग माइंड्स, मीनिंगफुल कन्वर्सेशंस’ कार्यक्रम में कही। इस दौरान उन्होंने जेन-जी और जेन-अल्फा के विद्यार्थियों के विभिन्न सवालों के बेबाकी से जवाब दिए।
संघर्ष से मिली सफलता
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने अपने जीवन के संघर्ष साझा किए। उन्होंने बताया कि 10 वर्ष की उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उन पर आ गई थी। उन्होंने खेती-किसानी संभाली और कभी सरपंच बनने की भी कल्पना नहीं की थी। लेकिन ‘कर्म ही पूजा है’ के सिद्धांत पर चलते हुए आज मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा का अवसर मिला है।
बदला शिक्षा का परिदृश्य
अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए श्री साय ने बताया कि पहले उनके गांव बगिया में स्कूल कच्चे होते थे और 5वीं की बोर्ड परीक्षा देने के लिए दूसरे गांव जाकर रुकना पड़ता था। लेकिन आज प्रदेश में उच्च शिक्षा का तेजी से विस्तार हुआ है। पहले राज्य में सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज 15 मेडिकल कॉलेज हैं। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के जरिए शिक्षा को संस्कार और रोजगार से जोड़ा जा रहा है। साथ ही 341 स्कूलों में पीएमश्री योजना लागू है और 17 प्रयास विद्यालयों के जरिए छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जा रहा है।
जल संरक्षण बने जन आंदोलन
‘जल है तो कल है’ का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कोरिया जिले के 5 प्रतिशत मॉडल (जिसका उल्लेख पीएम मोदी ने 'मन की बात' में किया है) और राजनांदगांव में सोक पिट निर्माण का उदाहरण देते हुए युवाओं से वर्षा जल संचयन को जन आंदोलन बनाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से 2047 तक प्रदेश को 75 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य भी साझा किया।
दुनिया में बढ़ा देश का मान
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा में 25 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन से लेकर सर्जिकल स्ट्राइक तक, पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपना सामर्थ्य दिखाया है। उन्होंने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए बताया कि आज वैश्विक स्तर पर भी भारत का मान-सम्मान काफी बढ़ा है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री श्री साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं के साथ ‘भजन क्लबिंग’ के तहत आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत भक्ति गीतों का आनंद लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
जरूरी खबरें
विज्ञापन