बच्चों के चेहरे पर लौटी मुस्कान : तीन मासूमों को चिरायु योजना से मिला नया जीवन
OM Darpan
-
चिरायु योजना के तहत हुआ सफल ऑपरेशन, फिर खिले चेहरे
रायपुर।
तालु कटे होने की समस्या से जूझ रहे तीन मासूम बच्चों के चेहरों पर उस समय मुस्कान लौट आई जब उनका ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। स्वास्थ्य विभाग की चिरायु योजना ने इन बच्चों को मानो एक नया जीवन दे दिया। आरंग हेल्थ टीम-सी द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में डेढ़ वर्षीय दक्षिका यादव, आठ वर्षीय प्रतिभा निर्मलकर और छह वर्षीय दुर्गा भट्ट में यह समस्या पाई गई थी। चिरायु योजना के तहत तीनों बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन कराया गया, जिससे उनके चेहरे फिर से खिल उठे।
शिविर में हुई जांच, परिवारों की चिंता हुई दूर
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आंगनबाड़ी बैहार, प्राथमिक शाला गिधवा और प्राथमिक शाला भिलाई में लगाए गए शिविर में इन बच्चों की पहचान की गई। शुरुआत में परिजन महंगे इलाज को लेकर काफी चिंतित थे, लेकिन चिरायु टीम की काउंसलिंग ने उनकी सभी शंकाएं दूर कर दीं। टीम ने भरोसा दिलाया कि इस योजना के अंतर्गत बच्चों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क होगा। इसके बाद सितंबर 2024 में रायपुर के श्री मेडिशाइन अस्पताल में इन बच्चों का सफल ऑपरेशन किया गया।
टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस अभियान में सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी, डीपीएम मनीष मेजरवार, चिरायु नोडल डॉ. श्वेता सोनवानी, आरंग बीएमओ डॉ. विजय लक्ष्मी अनंत और बीपीएम दीपक मिरे की विशेष भूमिका रही। इनके प्रयासों से ही यह ऑपरेशन संभव हो सका और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
परिवारों में लौटी उम्मीद
चिरायु योजना ने न सिर्फ इन बच्चों के जीवन में नई रोशनी भरी, बल्कि उनके परिवारों को भी राहत और उम्मीद दी है। अब ये बच्चे भी अपने हमउम्र साथियों की तरह खुलकर मुस्कुरा पा रहे हैं।
जरूरी खबरें
विज्ञापन