राजनांदगांव (ओमदर्पण न्यूज़)।
शहर में चल रहे विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से महापौर मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने जनप्रतिनिधियों व तकनीकी अधिकारियों के साथ यातायात नगर जीर्णोद्धार कार्य और मेडिकल कॉलेज रोड निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों व ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ और तय समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
यातायात नगर का होगा सर्वांगीण विकास
सर्वप्रथम महापौर मधुसूदन यादव ने यातायात नगर पहुंचकर वहां चल रहे उद्यान निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यान में सभी आवश्यक सुविधाओं का समावेश होना चाहिए। लंबे समय से जर्जर स्थिति में पहुंच चुके यातायात नगर के जीर्णोद्धार के लिए नगरीय प्रशासन विभाग से बजट स्वीकृत हो चुका है।
इस जीर्णोद्धार कार्य के तहत यातायात नगर में सड़क, नाली और पार्किंग स्थल की मरम्मत कर डामरीकरण किया जाएगा। स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के साथ-साथ हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा सामुदायिक भवन, शौचालय, पानी की समुचित व्यवस्था, जलभराव वाले स्थलों पर पेवर ब्लॉक लगाने, प्रवेश व निकास द्वार पर गार्ड रूम का निर्माण और डिवाइडर व सड़कों के किनारे रंगाई-पुताई के कार्य किए जाएंगे।
मेडिकल कॉलेज रोड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
मेडिकल कॉलेज सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान महापौर ने कार्य की धीमी गति पर काम में तेजी लाने और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। शासन से स्वीकृत बजट के तहत इस मार्ग पर सड़क डामरीकरण, दोनों ओर नाली निर्माण और डिवाइडर बनाकर सेंटर लाइट लगाई जानी है। महापौर ने कहा कि स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषय को ध्यान में रखते हुए इस सड़क का निर्माण जल्द होना चाहिए, ताकि मरीजों और मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को इसका पूरा लाभ मिल सके।
आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने यातायात नगर के जीर्णोद्धार कार्य को चरणबद्ध रूप से करने को कहा। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जाए और प्रतिमाह समीक्षा कर उपयोगिता प्रमाण पत्र शासन को भेजा जाए। साथ ही, आयुक्त ने हिदायत दी कि नाली व डिवाइडर निर्माण में पानी की पर्याप्त तराई (छिड़काव) कराई जाए ताकि मजबूती बनी रहे और डामरीकरण के समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल, पार्षद कुलेश्वर ध्रुव, पूर्व पार्षद मुकेश ध्रुव, कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके, प्रभारी सहायक अभियंता सुषमा साहू, उप अभियंता तिलक राज ध्रुव सहित स्थानीय ट्रांसपोर्टर भी मौजूद रहे।









