
भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
राज्य शासन द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत सरकार गठन के 1 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भिलाई में प्लास्टिक मुक्त अभियान शुरू किया गया। इस दौरान नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने हेतु रैली का आयोजन किया गया। यह रैली पावर हाउस लाल मैदान से प्रारंभ होकर सर्कुलर मार्केट से होते हुए जलेबी चैंक पर समाप्त हुई।
इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पाषर्द, व्यापारी, चेंबर के सदस्य समेत कई लोग उपस्थित रहे। सभी ने भिलाई को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। नगर निगम आयुक्त श्री राजीव कुमार पाण्डेय ने इस अभियान को लेकर सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि भिलाई शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए वार्ड और मोहल्लों में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। इसके साथ ही, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।
आयुक्त ने कहा, “प्लास्टिक न केवल पर्यावरण बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। इस जागरूकता रैली का उद्देश्य लोगों को इसके दुष्प्रभाव के बारे में बताना है। जो व्यापारी सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करेंगे, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।”
रैली के दौरान, डोर-टू-डोर कचरा एकत्रित करने वाले सफाई कर्मचारी भी स्वच्छता की अपील करते हुए नजर आए। रैली का समापन जलेबी चैंक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर आयुक्त ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
अभियान के तहत विभिन्न वार्डों के पार्षद, जोन आयुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक सहित कई अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस अभियान में सक्रिय रूप से योगदान देने वालों में वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद श्री विनोद चेलक, वार्ड क्रमांक 30 के पार्षद श्री राजकुमार जायसवाल, जोन आयुक्त श्री येशा लहरे, स्वास्थ्य अधिकारी श्री जावेद अली, वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक श्री के.के. सिंह, जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री अंकित सक्सेना, श्री अनिल मिश्रा, श्री हेमंत माझी, श्री वीरेंद्र बंजारे, जोन स्वच्छता निरीक्षक श्री अंजनी सिंह, श्री अतुल यादव, श्री जी सी एम यादव, मिशन मैनेजर श्री अमन पटले, श्री अभिनव पाटनी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी शामिल थे।










