रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के प्रयासों को सराहनीय बताया। लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने टीम के सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
राज्यपाल ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री सहज रूप से उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। टीम की उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किए जाने पर उन्होंने सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
शिक्षिका शारदा ने अकेले बनाईं 1800 बुक्स
वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम द्वारा दृष्टिबाधित और सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षिका के. शारदा के नेतृत्व में हुई। शारदा अब तक स्वयं 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकी हैं।
उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों के साथ इस कार्य में योगदान दे रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि ऑडियो के माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने और शिक्षा के समान अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
चैनल पर 8 लाख से ज्यादा व्यूज
वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर वर्तमान में 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं। इसे अब तक 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। टीम द्वारा विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम आधारित उपयोगी सामग्री तैयार की जा रही है। इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड डॉ. सोनल राजेश शर्मा सहित टीम के सदस्य उपस्थित थे।









