बिरगांव। बिरगांव नगर निगम के रावाभाठा वार्ड क्रमांक 15 में 73 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंगल भवन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। वर्ष 2022 में स्वीकृत इस भवन को जल्द ही सर्वसमाज के लिए खोल दिया जाएगा।
इस भवन के शुरू होने से रावाभाठा और आसपास के क्षेत्र के लोगों को शादी-विवाह, सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। यह क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा होगी।
निगम की निगरानी में संचालन
महापौर नंदलाल देवांगन और एमआईसी सदस्यों की सहमति से इस भवन की देखरेख की जिम्मेदारी सतनामी समाज को दी गई है। समाज निगम की निगरानी में इसका संचालन करेगा।
सामाजिक समरसता का केंद्र
यह भवन सामाजिक समरसता और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायक होगा। इससे नागरिकों को पारिवारिक आयोजनों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।










