
कोरबा।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक भयावह हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। सोमवार को सीएसईबी चौकी पुलिस क्षेत्र के हसदेव नदी के बाई तट नहर के पास कुछ बच्चे मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान बच्चों को पानी में बहती हुई एक प्लास्टिक की थैली दिखाई दी। जब थैली खोली गई, तो उसमें से तेज बदबू आने लगी।
थैली में युवती का कटा हुआ सिर, हाथ के कुछ हिस्से, लाल रंग का तौलिया, कपड़े, और चावल मिले। यह देखकर बच्चों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान ने बताया कि युवती की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अपील की है कि लोग थैली में मिले सामान जैसे चावल और कपड़ों के आधार पर पहचान करने में मदद करें।
फिलहाल, युवती की पहचान और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। इस जघन्य हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।









