-
राजनांदगांव के यादव राम चंद्राकर को सात दिन में मिला प्रमाण पत्र
-
ई-डिस्ट्रिक्ट के मुकाबले अब पोर्टल पर मिल रहीं 441 से अधिक सेवाएं
राजनांदगांव। सरकारी सेवाओं को आम नागरिक तक सरल, त्वरित और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मोहड़ निवासी यादव राम चंद्राकर इसके प्रत्यक्ष उदाहरण बने हैं। उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से जाति प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया और महज एक सप्ताह के भीतर उनका प्रमाण पत्र जारी हो गया।
इस नई व्यवस्था से न केवल उनका समय बचा, बल्कि कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने और अनावश्यक खर्च से भी बड़ी राहत मिली है। यादव राम चंद्राकर बताते हैं कि पहले छोटे-छोटे प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे। आवेदन की स्थिति जानने में भी काफी समय और मेहनत लगती थी, लेकिन अब सब कुछ बदल गया है।
घर बैठे मिल रहीं सरकारी सेवाएं
सेवा सेतु ने पूरी प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल बना दिया है। अब घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है। यादव राम चंद्राकर ने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह व्यवस्था ग्रामीण नागरिकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हो रही है।
86 से बढ़कर 441 हुईं सेवाएं
उल्लेखनीय है कि पहले प्रदेश में ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म के माध्यम से केवल 86 शासकीय सेवाएं उपलब्ध थीं। बदलती जरूरतों को देखते हुए इसका उन्नत संस्करण सेवा सेतु विकसित किया गया, जिसमें अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन मंच पर उपलब्ध हैं। इससे शासन की सेवाएं अधिक सुलभ, पारदर्शी और समयबद्ध हुई हैं।
सुशासन और विश्वास का नया आधार
सेवा सेतु डिजिटल सुशासन को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों के समय, श्रम और धन की बचत कर शासन और जनता के बीच विश्वास का नया सेतु भी बन रहा है। यह व्यवस्था भविष्य में सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।









