सुकमा में बड़ी सफलता: आईईडी प्लांट करने वाले दो नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
OM Darpan
Jan 08, 2025 10:25 pm
300 views
08 Jan 2025
सुकमा (कौशल संदुजा)। सुकमा जिले के थाना पोलमपल्ली क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इन नक्सलियों ने दोरनापाल-जगरगुंडा मार्ग पर गोरगुंडा-पोलमपल्ली के बीच सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी प्लांट किया था, जिसे समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।
गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान माड़वी लक्का पिता माड़वी मुड़ा (उपमपल्ली पंचायत मिलिशिया प्लाटून सदस्य) और माड़वी हांदा पिता माड़वी कोसा (दुलेड़ आरपीसी मिलिशिया सदस्य) के रूप में हुई है। दोनों नक्सली क्रमशः 20 और 24 वर्ष के हैं।
पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सूचना के आधार पर मिली। दिनांक 28 दिसंबर 2024 को गोरगुंडा-पोलमपल्ली मार्ग पर नक्सलियों ने दो स्थानों पर 15-15 किलोग्राम वजन के आईईडी प्लांट किए थे। सुरक्षाबलों ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों आईईडी को बरामद कर मौके पर निष्क्रिय किया, जिससे नक्सलियों की साजिश नाकाम हो गई और एक बड़ी घटना को टाल दिया गया।
थाना पोलमपल्ली में इस घटना के संबंध में अपराध क्रमांक 01/2025 के तहत धारा 61 भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद, दिनांक 6 जनवरी 2025 को थाना पोलमपल्ली से 159 वाहिनी सीआरपीएफ, जिलाबल, और 226 वाहिनी सीआरपीएफ की संयुक्त टीम नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए एरिया डोमिनेशन अभियान पर रवाना हुई।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने उपरोक्त दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने आईईडी प्लांट करने की बात स्वीकार की। उनके ठिकाने से 4 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 6 नग जिलेटिन रॉड, और 1 गुच्छा कोर्डेक्स वायर बरामद किया गया।
गिरफ्तार नक्सलियों को विधिवत गिरफ्तार कर 7 जनवरी 2025 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
🔵 संयुक्त अभियान में शामिल टीम: इस पूरे अभियान में साइबर सेल, नक्सल सेल, थाना पोलमपल्ली पुलिस, सी/159 वाहिनी सीआरपीएफ, और एफ/226 वाहिनी सीआरपीएफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
[pdf_embed url="https://omdarpan.com/storage/uploads/2025/01/03-jan-2025-se-09-jan-2025-varsh-20-omdarpna-10-.pdf"]
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन