लखनपुर पुलिस ने श्रीमद् भागवत कथा में चोरी के मामले में नौ आरोपियों को किया गिरफ्तार, दो कारें जप्त
OM Darpan
Oct 09, 2024 08:05 pm
167 views
09 Oct 2024
अम्बिकापुर (पंकज शुक्ला)।
लखनपुर के स्वयंभू शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी करने के मामले में लखनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस घटना में शामिल महिला और पुरुषों को मिलाकर कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इसके अलावा, चोरी की घटना में प्रयुक्त दो स्विफ्ट कारों को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है।
इस मामले की शुरुआत तब हुई जब 27 सितंबर की शाम को प्रार्थी निर्मल वर्मा, पति स्वर्गीय अनिल वर्मा, उम्र 63 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 6 लखनपुर, ने थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। निर्मल वर्मा अपने परिचित खुशबू साहू और परमेश्वरी साहू के साथ शिव मंदिर प्रांगण में श्रीमद् भागवत कथा सुनने गए थे। कथा के समापन के बाद प्रसाद वितरण के दौरान भीड़ का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने खुशबू साहू, परमेश्वरी साहू, संतोषी देवी और किरण अग्रवाल के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी कर लिए। पुलिस ने इस पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेहास्पद महिलाओं की पहचान की गई और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। मूकबीर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पीपरसत्ती निवासी रेनू धमदे और रेनू परहोले को थाने बुलाया। दोनों ने चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने पीपरसत्ती के अन्य संदेहास्पद महिलाओं की पहचान की और सभी को थाना अकलतरा बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, सभी आरोपियों ने इस अपराध में शामिल होने की बात कबूल की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रेनू धमदे, महादेव धमदे, उम्र 45 वर्ष, मंजू बाई, पति कन्हैयालाल, उम्र 47 वर्ष, हसीना बाई, पति नारायण, उम्र 60 वर्ष, चिरैया बाई, पति अजय कुमार, उम्र 37 वर्ष, सुनीता बाई, पति पुत्तम कुमार, उम्र 42 वर्ष, उत्तम कुमार, पिता राजीव राय, उम्र 45 वर्ष, और संजू बाई, पति नंदलाल, उम्र 50 वर्ष शामिल हैं। ये सभी अकलतरा जिला जांजगीर-चांपा के निवासी हैं। पुलिस ने इन सभी को धारा 303(2), 61, 238 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त कार क्रमांक सीजी 11 बीके 7505 और सीजी 11 BH 0428 को भी जप्त किया। चोरी किए गए जेवरात को आरोपियों ने बेच दिया था, जिसमें से ₹2500 की राशि गवाहों के समक्ष बरामद की गई।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन