- सुहेला में खुलेगा सरकारी कॉलेज, 1073 परिवारों को मिले पक्के मकान; तिल्दा में बनेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
सुहेला (बलौदाबाजार).
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को जिले के ग्राम सुहेला में आयोजित एक समारोह में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी। उन्होंने क्षेत्र के लिए 195.26 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर गारंटी को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। कार्यक्रम के मंच से सुहेला में नवीन शासकीय महाविद्यालय खोलने और बलौदाबाजार में कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की बड़ी घोषणाएं भी की गईं।
पीएम आवास की चाबी और उज्ज्वला का लाभ
समारोह में सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं का सीधा लाभ हितग्राहियों को दिया गया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 1073 हितग्राहियों को उनके नए घरों की चाबी सौंपी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 3,000 महिलाओं को गैस कनेक्शन और स्वामित्व योजना में 5,000 किसानों को अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए।
3100 रुपये में धान खरीदी और मुफ्त बिजली
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम साय ने कहा कि सरकार बनने से पहले किए गए वादों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी हो रही है। तेंदूपत्ता संग्रहण दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा कर दी गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे हर घर को मुफ्त बिजली मिलेगी और सब्सिडी के जरिए लोग सोलर पैनल लगवाकर इसका लाभ उठा सकते हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती: सड़कें और स्टेडियम
कार्यक्रम में जिन प्रमुख कार्यों की आधारशिला रखी गई, उनमें 49.17 करोड़ रुपये की लागत से बलौदाबाजार-रिसदा-हथबंद मार्ग का मजबूतीकरण और 20.98 करोड़ रुपये का रिसदा बायपास मार्ग शामिल है। खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए बलौदाबाजार में 15.59 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन भी किया गया। वहीं, आमाकोनी, हथबंद और अन्य गांवों में 7.74 करोड़ रुपये की जल प्रदाय योजनाओं का लोकार्पण हुआ।
ये प्रमुख घोषणाएं
-
तिल्दा में नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण।
-
बलौदाबाजार में नवीन व्यावसायिक परिसर।
-
जिले के 50 धान उपार्जन केंद्रों में 10-10 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण।
-
सुहेला तिराहे पर तीनों सड़कों पर एक-एक किलोमीटर तक डिवाइडर और लाइटिंग।
हितग्राहियों को मिली आर्थिक मदद
मंच से 5 करोड़ रुपये से अधिक की सामग्री और चेक वितरित किए गए। इसमें साइबर फ्रॉड के मामलों में रिकवर किए गए 27 लाख रुपये पीड़ितों को वापस किए गए। इसके अलावा श्रम विभाग की योजनाओं, छात्रवृत्ति और महिला समूहों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।












